नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री समेत कांग्रेस सदस्यों ने किया वाकआउट
- फोटो : अमर उजाला
नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि प्रदेश सरकार गुंडागर्दी से आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। विधानसभा सदन से वाकआउट के बाद परिसर में मीडिया से बातचीत में नेता विपक्ष ने कहा कि जनजातीय जिला किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी से दुर्व्यवहार किया गया है। मंत्री राकेश पठानिया, वीरेंद्र कंवर और विधायक राजेश ठाकुर व इंद्र सिंह को माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार पर एकतरफा सुनवाई करने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष और वरिष्ठ सदस्य जगत सिंह नेगी को मंगलवार शाम को भाजपा के मंत्री और विधायक मारने पर आ गए थे। उन्हें धक्के देकर बाहर निकालने की बातें तक कही गईं। मंत्री राकेश पठानिया, वीरेंद्र कंवर और विधायक राजेश ठाकुर व इंद्र सिंह का व्यवहार निंदनीय रहा।
मंगलवार शाम को सदन में हुई इस घटना के दौरान मुख्यमंत्री भी सदन में मौजूद थे। उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया। मुख्यमंत्री को धमकी मिली तो जेड प्लस सिक्योरिटी कर दी गई, बुलेट प्रूफ गाड़ियां ली जा रही हैं। हमें सदन के भीतर धमकाया जा रहा है। मुकेश ने कहा कि बुधवार सुबह विधानसभा अध्यक्ष को पत्र देकर इन मंत्रियों और विधायकों के खिलाफ कार्रवाई मांगी गई।
अध्यक्ष ने हमेशा की तरह विपक्ष को समय नहीं दिया। अध्यक्ष ने सदन में कहा कि मेरी भी वही विचारधारा है, इसे प्रोटेक्ट करूंगा। मुकेश ने कहा कि अध्यक्ष की कुर्सी न्याय की कुर्सी है। अध्यक्ष एकतरफा सुनवाई कर रहे हैं। मंत्रियों को माफी मांगनी चाहिए। अन्यथा यह लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष व संसदीय कार्य मंत्री को विपक्ष का संरक्षण करना चाहिए। सुरेश भारद्वाज तो स्वयं लड़ने आ रहे हैं।