साइकिलिस्ट 14 अप्रैल से प्रदेश की सर्पीली और घुमावदार सड़कों के खतरनाक सफर पर निकलेंगे। पांचवीं हीरो एमटीबी हिमालय साइकिल रैली शिमला से शुरू होगी। इसमें चार देशों और दस राज्यों के 100 प्रतिभागी भाग लेंगे। वे दो दिन में 120 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। रैली शिमला से तारादेवी, साधुपुल, कोटी, संजौली से होते हुए वापस शिमला पहुंचेगी।
यह वुडविला पैलेस से शुरू होगी। पहले दिन प्रतिभागी वुडविला पैलेस से रिज, गार्टन कैसल, तारादेवी, शील गांव, आनंदपुर, साधुपुल, जनेड़घाट, दोची और कनेची तक जाएंगे। दूसरे दिन कनेची से रेस शुरू होगी। जनेडघाट से कोटी, मुंडाघाट, चीनी बंगला, संजौली और राजभवन से होते हुए वुडविला पैलेस शिमला में रेस खत्म होगी।
हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन रैली करवा रही है। दो बार साइकिल रैली जीत चुके एचपीयू के छात्र देवेंद्र ठाकुर की उम्र 22 साल है। वे चंबा के पांगी निवासी हैं। कुछ साल से शिमला में रह रहे हैं। देवेंद्र माउंटेन बाइकिंग में नेशनल अवार्ड जीत चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना उनका सपना है। ओलंपिक्स में भाग लेना चाहते हैं।
डीएवी न्यू शिमला में पढ़ने वाले 15 वर्षीय गौरिश श्याम दो बार पहले भी साइकिल रेस में भाग ले चुके हैं। बीते साल गौरिश ने स्टूडेंट कैटेगिरी में दूसरा स्थान पाया था। ओवरआल रेस में इन्हें पांचवां स्थान मिला था। सेंट एडवर्ड स्कूल में जमा दो के छात्र अक्षित गौर की उम्र 16 साल है।
टुटू में रहने वाले अक्षित दूसरी बार साइकिल रैली में भाग ले रहे हैं। स्टूडेंट कैटेगिरी में पहला स्थान पाने के लिए प्रेक्टिस कर रहे हैं। सेंट एडवर्ड स्कूल शिमला के अन्य छात्र 16 वर्षीय रोहन कुकरेजा भी दूसरी बार रेस में भाग लेने जा रहे हैं।
बीती गलतियों को दुरुस्त कर इस पर रोहन इस बार अपना सौ प्रतिशत देने की तैयारियों में है। सेंट एडवर्ड स्कूल शिमला में दसवीं कक्षा के छात्र अधिराज सिंह 15 साल के हैं। यह पहली बार साइकिल रेस में हिस्सा लेने जा रहे हैं।