हिमाचल के बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल के लिए मंडी जिले के सरकाघाट की आटा मिल से भेजी गई खेप में बड़ा गड़बड़झाला पकड़ा गया है। सस्ते राशन की दुकानों के लिए 120 क्विंटल आटा सप्लाई भेजी गई थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान हर बोरी में आटा का वजन कम पाया गया है। गड़बड़झाला सामने आने के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने पूरी खेप को ट्रक सहित वापस भेज दिया है। मामले की विभागीय जांच शुरू कर मिल मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश भी दिए गए हैं। जांच के बाद मिल का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।