क्वालिटी कंट्रोल सेल के इंचार्ज और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अतिरिक्त प्रधान सचिव संजय कुंड्डू ने कहा है कि फोरलेन विस्थापितों की 22 मुख्य मांगों को लेकर एजेंडा तैयार किया गया है जिसे प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा ताकि फोरलेन विस्थापितों को किसी तरह की परेशानी न हो और उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके। कहा कि इस संदर्भ में विस्थापितों के साथ चर्चा की गई है। जबकि लोनिवि, एनएचआई व जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ भी बैठक कर समस्याओं पर विचार किया गया है।
बिलासपुर में पत्रकारों से बात करते हुए कुंड्डू ने कहा कि गोबिंद ठाकुर की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है जो फोरलेन से जुड़े मुद्दों को देख रही है। इसमें निर्णय लिया गया है कि कमेटी हर 15 दिन बाद जिला में फोरलेन से जुड़े मुद्दों को लेकर बैठक करेगी ताकि विस्थापितों की समस्याओं पर विचार किया जा सके। इसके अलावा कुंड्डू ने कहा कि जो नेशनल हाईवे खस्ताहाल हो चुके हैं, उन्हें दोबारा से ठीक करने के लिए भी एनएचआई व लोनिवि के अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं। नम्होल से शालाघाट तक का नेशनल हाईवे खस्ताहाल में है।
इसकी मरम्मत के लिए 15 करोड़ का एस्टिमेट भारत सरकार के पास पड़ा हुआ है, जो पास होना है। इसके अलावा पठानकोट-मंडी एनएच के लिए भी आठ करोड़ का टेंडर पेंडिंग पड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी नेशनल हाईवे को सरकार जल्द ठीक करवाएगी, जिसमें केंद्र सरकार का भी सहयोग लिया जाएगा। कुछ हाईवे को केंद्र सरकार ठीक करवाएगी, जबकि कुछ को प्रदेश सरकार। कुंड्डू ने कहा कि प्रदेश की तरक्की के लिए सभी हाईवे को दुरुस्त होना जरूरी है। इस मौके पर उपायुक्त विवेक भाटिया, एसपी अशोक कुमार, एडीएम विनय कुमार सहित एनएचआई, लोनिवि के अधिकारी उपस्थित रहे।