हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के उपमंडल भोरंज के बेहड़वीं गांव में जहरीला पदार्थ खाने से दंपती की मौत हो गई। इनकी पहचान प्रीति पत्नी विनोद कुमार, विनोद कुमार पुत्र विक्रम सिंह, गांव बेहड़वीं, डाकघर सुलखान, तहसील भोरंज हमीरपुर के रूप में हुई है। विनोद कुमार राज्य बिजली बोर्ड में टीमेट के पद पर कार्यरत था। विनोद और प्रीति की शादी को अभी करीब एक साल हुआ था। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
दोनों ने देर शाम को किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।
ये भी पढ़ें: Kullu: बगीचे में खेल रहे बच्चे की पानी से भरे टैंक में डूबने से मौत
परिजनों को जब दोनों के जहरीला पदार्थ खाने की बात का पता चला तो वे उन्हें सिविल अस्पताल भोरंज ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया। यहां भी हालत में सुधार न होने के कारण दोनों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया। आईजीएमसी शिमला में देर रात दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पति-पत्नी के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि भोरंज थाना प्रभारी सुरम सिंह ने की है। उन्होंने कहा कि दोनों ने किस कारण आत्महत्या की इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।