कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह
- फोटो : संवाद
मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों से सेब बागवान परेशान हैं। उन्हें सेब के सही दाम नहीं मिल रहे हैं। देश के किसान तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में लंबे समय से सड़कों पर बैठे हैं, लेकिन केंद्र सरकार अपनी आंखें और कान बंद करके बैठी है।
किन्नौर जिले में विभिन्न जगह चुनावी जनसभाओं के दौरान प्रतिभा सिंह ने कहा कि सरकार ने नौतोड़ बंद कर किन्नौर के लोगों के साथ अन्याय किया है। क्षेत्र का विकास ठप है। किन्नौर से उनका राजनीतिक नहीं, पारिवारिक रिश्ता है। किन्नौर को हमेशा अपना घर माना है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किन्नौर में विधायक जगत सिंह नेगी के साथ मिलकर कई विकास कार्य किए हैं।
कहा कि भाजपा का महंगाई और बेरोजगारी के साथ चोली दामन का साथ है। यह सरकार गरीबों की नहीं, पूंजीपतियों की है। इसे आम लोगों की चिंता नहीं है। कहा कि आज उनके बीच पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह नहीं हैं। उनकी कमी हमेशा खलेगी, लेकिन वीरभद्र सिंह के आदर्श और आशीर्वाद उनके साथ है। कहा कि भाजपा कांग्रेस से 70 सालों के शासनकाल का हिसाब मांगती है और कांग्रेस की बनाई संपत्तियों को बेच रही है।
जिस प्रकार मोदी सरकार देश में निजीकरण को बढ़ावा दे रही है, उससे कहीं ऐसा न हो कि एक दिन सारी सरकारी संपत्तियां निजी हाथों में ही चली जाएं। प्रतिभा सिंह का भारी बारिश के बावजूद रिकांगपिओ, चोरा, भावानगर, टापरी और अन्य जगह फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया।