केश क्वीन के खिताब के लिए युवतियों में रही कांटे की टक्कर
- फोटो : संवाद
राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल के चौथा दिन शरद सुंदरी प्रतियोगिता और फैशन शो आकर्षण का केंद्र रहे। फैशन शो में फैशन के संग देशभक्ति के रंग भी दिखे। कुल्लू के पुरातन वस्त्रों को नए डिजाइन में प्रस्तुत कर सांस्कृतिक दलों ने अपनी संस्कृति का परिचय दिया। केश क्वीन प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। खिताब जीतने के लिए प्रतिभागियों में कांटे की टक्कर रही। सबसे लंबे एवं स्वस्थ बालों वाली तीन युवतियां अगले राउंड के लिए चयनित की गई हैं। केश क्वीन प्रतियोगिता में गुरमीत सिंह, सत्येंद्रा, किरण, नेहा, सीमा, नूपर सोलंकी, सीमा ने भाग लिया। कैटवॉक करती हुईं रैंप पहुंची प्रतिभागियों ने अपनी लंबे व घने बालों का खूब प्रदर्शन किया। ममता शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मंच पर आसीन होकर प्रतिभागियों के बालों की जांच की।
इसके बाद सीमा, किरण और सत्येंद्रा अगले दौर के लिए चयनित हुईं। उधर, फैशन शो में सांस्कृतिक दलों ने धमाल मचाया। नृत्यांगना कला सांस्कृतिक मंच नग्गर के कलाकारों ने कुल्लू की शॉल व टोपी में लगने वाले हस्ताकला के फूल-बेल वाले डिजाइन को अपने परिधानों में उतारकर फैशन का रंग भरा। लुधियाना के कलाकारों ने अपने देशभक्ति गीत पर शानदार प्रस्तुति दी और माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। फैशन शो में कुल्लूत सांस्कृतिक दल कुल्लू, म्यूजिक वर्ल्ड स्टूडियो, रुद्रा द अल्टीमेट कुल्लू, बीर सांस्कृतिक दल शिल्लीहार भुंतर, मनु हिडिंबा क्लब कुल्लू और नाभा पंजाब ने अपनी प्रस्तुति दी। कवियत्री वैशाली बिष्ट ने बतौर मेहमान कलाकार मंच पर दर्द हर महीने का....कविता से सामाजिक कुरीति पर तंज कसे। उन्होंने मुझे तैर कर सागर के उस पार जाना है...कविता ने भी खूब तालियां बटोरीं।