बड़े सियासी घटनाक्रम के बीच हिलोपा को अलविदा कहकर भाजपा का दामन थामने वाले तीन बड़े नेताओं को अब भाजपा में कोई खास समर्थन नहीं मिल रहा है। उल्टे इसके धुर विरोधी धड़े अपने-अपने जिलों में और अधिक सक्रिय हो गए हैं। कुल्लू से विधायक महेश्वर सिंह के साथ अब भी अक्सर वह नेता दिखाई देते हैं जो हिलोपा में उनके साथ रहते थे।
जबकि नाहन से पूर्व विधायक श्यामा शर्मा को जिला एवं नाहन भाजपा मंडल की किसी भी बैठक में आमंत्रित तक नहीं किया जाता है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव बिंदल की धुर विरोधी रही श्यामा शर्मा फिलहाल भाजपा के किसी बड़े नेता को अपने साथ जोड़ने में अभी तक कामयाब नहीं हो पाई है। शिमला से युवा नेता गौरव शर्मा को भी जिला भाजपा में कोई तवज्जो नहीं मिल रही है।
पार्टी जानकारों का कहना है कि कुल्लू से भाजपा के प्रत्याशी रहे राम सिंह के समर्थक महेश्वर सिंह के पार्टी में आने से खुश नहीं हैं और उनका भितरखाने विरोध भी कर रहे हैं। जबकि जिला अध्यक्ष भीम सेन शर्मा भी महेश्वर सिंह का खुलकर समर्थन नहीं कर रहे हैं। हालांकि कुल्लू के कद्दावर नेता एवं विधायक माहेश्वर सिंह का कोई भी नेता खुलकर तो विरोध नहीं कर रहा है, लेकिन पार्टी गतिविधियों में उन्हें शामिल करने में कोई उन्हें भाव भी नहीं दे रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार सरकार में मंत्री रही नाह की पूर्व विधायक श्यामा शर्मा अपने कुछ समर्थकों के साथ नाहन विधानसभा क्षेत्र के कुछ गांवों में दौरा कर बैठक भी कर रही हैं, लेकिन जिला एवं नाहन भाजपा मंडल के किसी भी फ्रंट बड़े नेता को वह अपने पाले में लेने में अभी सफल नहीं हुई है।
यही कारण है कि वह भाजपा के कुछ केंद्रीय नेताओं से तो जरूर भेंट कर चुकी है, लेकिन नाहन भाजपा मंडल कार्यालय में वह अभी तक नहीं बुलाई गई और न उन्होंने किसी नेता से कोई संपर्क किया। इतना जरूर बताया जा रहा है कि कुछ रुस्ट भाजपाई उनसे संपर्क करते हैं। सिरमौर भाजपा में डा. राजीव बिंदल एवं श्यामा शर्मा के बीच भविष्य में होने वाले सह एवं मात के खेल को लेकर सभी बड़े नेताओं की नजर टिकी हुई है।
श्यामा शर्मा के सीधे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से संपर्क होने से जिला भाजपा सिरमौर एवं नाहन भाजपा मंडल उन्हें सिरे से खारिज नहीं कर रहे हैं। उधर, भाजपा सिरमौर के जिला अध्यक्ष सुखराम चौधरी ने माना कि श्यामा शर्मा अभी तक जिला एवं नाहन मंडल की किसी बैठक में शामिल नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में पार्टी के अधिकृत सदस्य ही शामिल हो सकते हैं। पार्टी की बैठक में किसी को भी विशेष रूप से आमंत्रित नहीं किया जाता है।