मिस कैंपस प्रिंसेस-2022 के खिताब के साथ महक शर्मा।
- फोटो : संवाद
देवभूमि हिमाचल के पांवटा साहिब निवासी महक शर्मा ने मिस कैंपस प्रिंसेस-2022 चंडीगढ़ का खिताब जीत लिया है। यह प्रतियोगिता चंडीगढ़ के एमसीएम कॉलेज 36 में हुई। छोटी सी उम्र में ही महक कई खिताब जीतकर हिमाचल का नाम रोशन कर चुकी हैं। अब महक मिस इंडिया का खिताब जीतने की तैयारियों में जुट गई हैं। पांवटा साहिब की ग्राम पंचायत बद्रीपुर निवासी महक के पिता मनमोहन शर्मा ने कहा कि बेटी चंडीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय में अध्ययनरत है।
मिस कैंपस प्रिंसेस प्रतियोगिता में सैकड़ों प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें पांवटा की महक ने खिताब जीता। अब महक की नजर इस वर्ष होने वाले मिस इंडिया-2022 के खिताब पर है। महक ने 14 वर्ष की आयु में नाचेगा इंडिया में भाग लिया था। वर्ष 2016-17 में प्रिंसेस मिस नॉर्थ इंडिया में फेस ऑफ द ईयर का अवॉर्ड जीता।
जनवरी 2018 में मिस टीन ग्लोरी ऑफ यूनिवर्स की विजेता रहीं। सत्या प्रोडक्शन के चंडीगढ़ में आयोजित मेघा रियलिटी शो में भी खिताब जीता। महक ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहती हैं, लेकिन मिस इंडिया बनने का सपना पूरा करने को पूरी लगन से मेहनत कर रही हैं।
नृत्य, अभिनय और मॉडलिंग में रुचि : मनमोहन
महक के पिता मनमोहन शर्मा ने बताया कि एकलौती बेटी है। बचपन से डांस, अभिनय और मॉडलिंग में रुचि रही है। नोएडा स्थित फिल्म सिटी में एक संस्थान से मॉडलिंग और सौंदर्य विषय में एक वर्ष का कोर्स किया है। अब महक चंडीगढ़ में शिक्षारत हैं। पांवटा यमुना शरद महोत्सव समेत कई मंचों पर प्रस्तुति दे चुकी हैं। महक की वीडियो शिमला की बंदी और बेबी मान जा को दस लाख से अधिक लोग पसंद कर चुके हैं।