पिंजौर-शिमला एनएच पर लंबा ट्रैफिक जाम।
- फोटो : संवाद
वीकेंड पर शुक्रवार को पिंजौर-शिमला नेशनल हाईवे बाईपास पर करीब दो से ढाई किमी लंबे जाम से वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। परवाणू बैरियर तक दो किलोमीटर सफर करने में वाहन चालकों को एक से डेढ़ घंटे का समय लगा। दिन भर वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। जाम लगने का कारण टोल बैरियर पर मैनुअल सिस्टम से वाहनों की पर्ची काटना रहा। बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों की हिमाचल एंट्री की पर्ची काटी जाती है। साथ ही परवाणू बैरियर से टीटीआर रिसॉर्ट तक फ्लाईओवर निर्माण के चलते ट्रैफिक वनवे किया गया है। शुक्रवार को शाम 5:00 बजे तक सनवारा टोल बैरियर से 13513 वाहनों ने आवाजाही की।
आम दिनों में आठ से नौ हजार वाहन आवाजाही करते हैं। जानकारी के अनुसार वीकेंड में कालका-शिमला एनएच पर वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। इस बार वीकेंड पर राज्य स्तरीय शूलिनी मेले के चलते वाहनों की आवाजाही और बढ़ गई। सुबह से वाहनों की कतारें परवाणू टीटीआर टोल बैरियर के समीप लगना शुरू हो गई थीं। इस बीच पुलिस कर्मी मौके पर तैनात रहे लेकिन वाहनों की अधिक संख्या से भी लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। अंबाला से आए कार चालक नरेश कुमार, ऊना से आए ट्रक चालक कुलजीत, दिल्ली से शिमला घूमने आए अमरीश, चंडीगढ़ से कसौली जा रहे गुलजार, पंजाब से आए अमित ने बताया कि टोल बैरियर से करीब एक से डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहे।
पिंजौर टोल बैरियर के बाद जगह-जगह जाम लगता रहा। डीएसपी प्रणव चौहान ने बताया कि वीकेंड पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। परवाणू टोल बैरियर पर बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की पर्ची काटने का सिस्टम मैनुअल है। बैरियर पर प्लाईओवर का कार्य भी जारी है। यहां करीब 200 मीटर तक सड़क वनवे की गई है जिस कारण जाम लग रहा है।