समाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल
- फोटो : अमर उजाला
लॉकडाउन-2 में प्रदेश सरकार की बिना मास्क घरों से न निकलने की मुहिम को सरकार के मंत्री अमल में लाने में जुट गए हैं। सबसे पहले सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल आगे आए हैं। डॉ. सैजल बुधवार को मास्क लगाकर साइकिल पर घर से निकले। करीब एक किलोमीटर तक रास्ते में मिले सभी लोगों को मास्क लगाने और बेहद जरूरी हो तो ही घर से निकलने की नसीहत दी।
मंत्री ने इस सौ से अधिक लोगों तक यह जानकारी पहुंचाई। डॉ. राजीव सैजल ने कालका-शिमला नेशनल हाइवे पर कर्फ्यू में ढील के दौरान कसौली चौक से सुक्कीजोहड़ी और धर्मपुर बाजार तक साइकिल पर लोगों को कोरोना वायरस के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया। सड़क पर टहल रहे लोगों से बाहर आने का कारण भी पूछा और मास्क पहनने की सलाह दी। डॉ. सैजल ने बताया कि कोरोना के खतरे को देखते हुए लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाया गया है। राज्य सरकार भी लॉकडाउन की समीक्षा कर रही है।
लोगों ने घरों में रहकर लॉकडाउन के खिलाफ शुरुआती बढ़ती हासिल कर ली है। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं से आह्वान किया है कि वे बेसहारा व रोजाना दिहाड़ी लगाने वाले लोगों का खास ख्याल रखें। जरूरतमंद लोगों तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था बनाए रखें। हालांकि, कोरोना वायरस के खतरे को लेकर लॉकडाउन शुरू होने से ही मंत्री राजीव सैजल लगातार लोगों के बीच में रहे हैं।