बिलासपुर के छड़ोल से सटे कचौली गांव की पहाड़ी से तरल द्रव्य पदार्थ का रिसाव हो रहा है। काले रंग के इस द्रव्य पदार्थ के रिसाव से इलाके में दहशत फैल गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं ये कच्चा तेल तो नहीं। प्रशासन ने मामला ध्यान में आने के बाद एक टीम मौके पर भेजकर इसका मुआयना किया है।
अब ओएनजीसी से एक्सपर्ट बुलाने को लेकर भी चर्चा चल रही है। प्रशासन का कहना है कि एक्सपर्ट की टीम बुलाकर पता लगाया जाएगा कि द्रव्य पदार्थ क्या चीज है। छड़ोल पंचायत के कचौली गांव की एक पहाड़ी से काले रंग का द्रव्य पदार्थ निकल रहा है। गहरे काले रंग का यह पदार्थ देखने में इंजन ऑयल जैसा प्रतीत हो रहा है। पहाड़ी से नीचे यह पदार्थ काफी क्षेत्र में फैल रहा है।
प्रशासन को जब इस बात की सूचना मिली तो प्रशासन भी अलर्ट हो गया। लोगों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। वस्तुस्थिति का पता लगाने के लिए हलका पटवारी को मौके पर भेजा गया। हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि यह तेल है या कोई अन्य चीज। लोगों का कहना है कि यह तेल हो सकता है।
बताया जा रहा है कि पिछले तीन-चार दिनों से यह रिसाव हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार दो-ढाई फुट का गड्ढा है जहां से यह तरल पदार्थ फैल रहा है। उपायुक्त मानसी सहाय ठाकुर ने बताया कि पहाड़ी से रिसाव की सूचना मिली है।
इसके आधार पर एसडीएम और तहसीलदार को मौके का मुआयना करने के लिए कहा गया है। उनके अनुसार तरल पदार्थ की जांच के लिए एक्सपर्ट बुलाए जा रहे हैं। इसके बाद ही पता चल सकेगा कि पहाड़ी से निकलने वाला तरल पदार्थ क्या है।