कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने दिल्ली में एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की। दोनों नेताओं से विधानसभा उपचुनाव में हार, पार्टी में गुटबाजी और महंगाई को लेकर हिमाचल में चले आंदोलन पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा पांच जिलाध्यक्षों को बदलने पर भी मंथन हुआ। दोनों ही नेता कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने का समय भी मांग रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पार्टी मसलों को लेकर शनिवार को तलब किया था।
बताते हैं कि प्रदेश में कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को लेकर हाईकमान ने कड़ा संज्ञान लिया है। पहले पार्टी के कुछ नेताओं ने धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा उप चुनाव में चुनाव प्रचार से दूरी बनाकर रखी थी।
इसके अलावा ये नेता मनमर्जी से दोनों क्षेत्रों में प्रचार के नाम पर चक्कर काटते रहे। कांग्रेस के आंदोलनों से भी कई नेताओं ने जानबूझकर दूरी बनाकर रखी। इस सब घटनाक्रम पर हाईकमान ने बराबर नजर रखी। यही नहीं, प्रदेश कांग्रेस के कुछ नेता हाईकमान के पास शिकायतों का पुलिंदा भेज रहे थे, जिन्हें हाईकमान ने गंभीरता से लिया है।
हाईकमान लगातार शिकायतों से चिंतित है और प्रदेश कांग्रेस के भीतर अनुशासन बनाने के लिए कोशिश कर रहा है। लेकिन बेलगाम नेताओं पर कोई नकेल नहीं कसी जा सकी है। उधर, तीन सदस्यीय जांच कमेटी की अभी तक रिपोर्ट तैयार नहीं हो सकी है।