फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम के फेसबुक पेज पर संदिग्धों की तस्वीरें वायरल, थाने पहुंचे बेकसूर युवक

Thu, 13 Jul 2017 09:24 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
कोटखाई में दसवीं की छात्रा से दुराचार के बाद हत्या मामले में पुलिस अभी तक कोई खुलासा नहीं कर पाई है। इसी बीच, मंगलवार रात को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आधिकारिक फेसबुक पेज पर चार संदिग्धों की फोटो अपलोड कर दी गईं।
विज्ञापन


यह भी लिखा गया कि चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इससे पहले कि सीएम के अकाउंट को संचालित करने वाले चूक को दुरुस्त कर पाते, फोटो पूरे प्रदेश में वायरल हो गई। आनन-फानन में अकाउंट से चारों कथित संदिग्धों की फोटो हटा दी गईं।

अब सीएम का सोशल मीडिया विंग इस चूक पर लीपापोती करने में जुटा है। उधर, फोटो वायरल कर संदिग्ध बताए जा रहे चारों युवक बुधवार को कोटखाई थाने में पहुंचे। चारों ने पुलिस से बदनाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 
विज्ञापन

कुछ ही देर में हटा दिए गए फोटो

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आधिकारिक फेसबुक पेज पर मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे कोटखाई प्रकरण में एक स्टेटस अपडेट किया गया। चार संदिग्धों की फोटो को शेयर हुए स्टेटस में लिखा गया कि आईजीपी जहूर जैदी और एसपी डीडब्ल्यू नेगी की निगरानी में चल रही जांच के दौरान युवकों को कस्टडी में लेकर पूछताछ की जा रही है।

कुछ ही समय बाद वे फोटो स्टेटस से हटा दी गईं। चूंकि, सीएम के पेज से यह जानकारी अपडेट हुई थी तो स्टेटस दिखते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महज चंद मिनट में ही सीएम का वह फेसबुक स्टेटस वायरल हो गया। लोगों ने शेयर और लाइक करने के साथ उस स्टेटस के स्क्रीन शॉट बनाकर भी शेयर कर डाले।

सीएम के फेसबुक पेज की विश्वसनीयता पर सवाल

मामले में जब पुलिस से बात की गई तो उन्होंने फोटो जारी करने की बात से इंकार कर दिया। इसी बीच, कुछ समय में अचानक कुछ ही समय में सीएम के पोस्ट से फोटो भी हट गई। फोटो जारी होने और पुलिस के इंकार के बाद हटने पर मुख्यमंत्री के फेसबुक पेज की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। 

गोकुल बुटेल का फोटो अपलोड करने से इंकार
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आईटी सलाहकार गोकुल बुटेल ने उनकी ओर से फोटो अपलोड करने की बात से इंकार किया गया। कहा कि उन्होंने किसी भी तरह की फोटो अपलोड नहीं की है। चूंकि, सीएम के सोशल मीडिया को एक टीम मैनेज करती है, ऐसे में वह यह नहीं कह सकते है कि फोटो अपलोड हुई है या नहीं। 
विज्ञापन

कथित संदिग्ध तीन युवक पहुंचे थाने, वायरल करने वालों पर कार्रवाई की मांग

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के फेसबुक पेज पर अपलोड होने के बाद जिन चार कथित संदिग्ध युवकों की फोटो वायरल हुई, बुधवार को उनके परिवार व रिश्तेदारों में हड़कंप मच गया। सहमे हुए तीन युवक पुलिस थाना कोटखाई पहुंचे। तीनों ने पुलिस से बदनाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

चार युवकों ने पुलिस थाना कोटखाई में लिखित शिकायत पत्र सौंपा है कि गुड़िया हत्याकांड मामले से उनका कोई लेना देना नहीं है। किसी ने रंजिश के तहत उनके फोटो सोशल मीडिया में वायरल किए हैं। युवकों ने कहा कि संवेदनशील मामले में उनका नाम जोड़े जाने से अब उनकी जान पर खतरा बन गया है।

समाज में लोग उनको अपराधी की नजर से देख रहे हैं। पुलिस में शिकायत देने के बाद युवकों ने बताया कि वे मामले को लेकर कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे। उन्होंने कहा पोस्ट देखकर रिश्तेदार परिवार के सदस्य सहित सभी लोग परेशान हैं। पुलिस ने युवकों को फोटो वायरल होने के कारणों की जांच का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें