ऐतिहासिक लुहणू मैदान के साथ गोबिंदसागर झील में चार दिवसीय 31वीं राष्ट्रीय कायकिंग और कनोइंग प्रतियोगिता रविवार से शुरू हुई। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग मुख्यातिथि थे। मुख्य अतिथि के स्वागत के लिए जिला मंडी के प्रधान लोकनृत्य लुड्डी की प्रस्तुति ने खूब समा बांधा। नौकाओं के मार्चपास्ट का भी प्रदर्शन किया गया। मंत्री ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
उन्होंने देश के 26 राज्यों से आए लगभग 650 खिलाड़ियों का आभार जताया। आल इंडिया कायकिंग और कनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएम हाशमी की मांग पर उन्होंने वाटर स्पोर्ट्स ट्रेनिंग केंद्र बिलासपुर में स्थापित करने के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात कही। अखिल भारतीय कायकिंग और कनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएम हाशमी ने कहा कि बिलासपुर को राष्ट्रीय प्रतियोगिता करवाने का जिम्मा सौंपने से यहां जल क्रीड़ाओं के साथ खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रधान सचिव (राजस्व) एवं कायकिंग और कनोइंग एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष ओंकार शर्मा ने कहा कि 14 साल बाद बिलासपुर में कायकिंग और कनोइंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता हो रही है। इस मौके पर देश के कोने-कोने से आए खिलाड़ियों के मनोरजंन के लिए मंडी के प्रधान लोकनृत्य लुड्डी की प्रस्तुति ने खूब समा बांधा। 25 अक्तूबर से कबड्डी लीग और पैराग्लाइडिंग की ज्वाय राइड और एक्रोबैटिक्स का आयोजन भी किया जाएगा।
पहले दिन के मुकाबलों में बारिश-तूफान बने बाधा
भारी बारिश और तूफान राष्ट्रीय कायकिंग एवं कनोइंग प्रतियोगिता में बाधा बन गया। रविवार को सिर्फ तीन मैच ही हो पाए। 1000 मीटर एकल कायक बोट में भारतीय सेना के एलवर्ट और कैनो एकल बोट में तेलंगाना के अंकित कुमार प्रथम रहे। लुहणू मैदान और गोबिंदसागर झील में चल रही प्रतियोगिता में असम, आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, गोवा, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, केरल, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, मणिपुर, महाराष्ट्र, ओडिशा, पुडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, बिहार, भारतीय पुलिस और भारतीय सेना की टीमें भाग ले रही हैं।
कायकिंग एवं कनोइंग एसोसिएशन के राज्य महासचिव पदम सिंह गुलेरिया और कनोइंग इवेंट के नेशनल कोच शांति स्वरूप ने बताया कि पहले दिन एकल कायक बोट 1000 मीटर प्रतियोगिता में भारतीय सेना की टीम के एलवर्ट राज प्रथम, भारतीय पुलिस के ज्ञानेश्वर सिंह द्वितीय, ओडिशा के थोंगम राहुल तृतीय रहे।
कैनो एकल बोट 1000 मीटर प्रतियोगिता में तेलंगाना के अंकित कुमार प्रथम, भारतीय पुलिस के केएच नानाओं सिंह द्वितीय और जम्मू-कश्मीर के मुबासिर तृतीय रहे। 1000 मीटर की डबल कायक बोट प्रतियोगिता में आंध्रप्रदेश की टीम प्रथम, ओडिशा के थोनथिल्नगांवा नगाशेपाम द्वितीय और दिल्ली के ईरोम बोरिस सिंह तृतीय रहे।