हिमाचल के ऊना के अंब उपमंडल के नंदपुर में पुल पर खड़े एक बजरी से लदे टिप्पर से कार टकरा जाने से कार चालक की मौत हो गई। हादसे में चालक के परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय रामपाल पुत्र पुरुषोत्तम निवासी कुठेड़ा खैरला के रूप में हुई है। जो चंडीगढ़ में बिजली बोर्ड में बतौर जेई कार्यरत था। पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रामपाल अपने परिवार के साथ कार में चंडीगढ़ जा रहे थे। ऊना-अंब मार्ग पर नंदपुर में मंगलवार सुबह करीब साढे़ पांच बजे कार अचानक टिप्पर से जा टकराई। हादसे में रामपाल, उनकी पत्नी रीना, बेटी प्रीति (24) और श्यामलाल पुत्र चरणदास निवासी हीरानगर अंब गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को मशक्कत के बाद टिप्पर में जा घुसी कार से निकाला। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल अंब लाया गया। जहां रामपाल, श्यामलाल और रीना की गंभीर हालत का देखते हुए रेफर कर दिया। लेकिन रामपाल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अंब के डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति के रिश्तेदार अंब के उपप्रधान धमेंद्र बिल्ला का कहना है कि उक्त टिप्पर पिछले दो तीन दिन से पुल पर खड़ा है। जिस कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने मामले की जांच किए जाने की मांग की है।