फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal: मंडी रैली में सीएम सुक्खू ने विपक्ष पर बोला हमला, मुकेश की अफसरशाही को चेतावनी, जानें किसने क्या कहा

Thu, 11 Dec 2025 04:08 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला।

सार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांग्रेस सरकार तीन साल की उपलब्धियों के साथ अगले दो वर्ष का रोडमैप भी जनता के सामने रखा। साथ ही विपक्ष पर जमकर जुबानी हमला बोला। वहीं उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष के साथ अफसरशाही पर भी तीखा प्रहार किया।
विज्ञापन
मंडी में कांग्रेस सरकार की रैली। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के गुरुवार को तीन साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर प्रदेश सरकार ने जन संकल्प सम्मेलन के नाम से मंडी के पड्डल मैदान में रैली आयोजित की। रैली में बड़ी संख्या में प्रदेश भर से लोग पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांग्रेस सरकार तीन साल की उपलब्धियों के साथ अगले दो वर्ष का रोडमैप भी जनता के सामने रखा। साथ ही विपक्ष पर जमकर जुबानी हमला बोला। वहीं उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष के साथ अफसरशाही पर भी तीखा प्रहार किया। जानिए रैली में किस नेता ने क्या कहा...

विज्ञापन


भाजपा ने गरीब जनता पर 75 हजार करोड़ का कर्जा छोड़ा: सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। कांग्रेस के दो-दो प्रधानमंत्रियों ने देश के लिए अपना बलिदान दिया। जो लोग देश के लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं, वे आज प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं। सीएम सुक्खू ने कहा कि जब मुख्यमंत्री बना तो तीन चुनाैतियां सामने थीं।  भाजपा की पूर्व सरकार ने प्रदेश की गरीब जनता पर 75 हजार करोड़ का कर्जा छोड़ा। हमारी सरकार को कर्जा चुकाने के लिए कर्जा लेना पड़ रहा है। आपकी तो डबल इंजन की सरकार थी, फिर क्यों इतना कर्जा लेना पड़ा। छठे वेतन आयोग का 10 हजार करोड़ का एरियर भी हमारी सरकार पर छोड़ दिया। हमारे मंत्रिमंडल, प्रदेश की जनता ने कंधे से कंधा मिलकार इस आर्थिक चुनाैति का सामना किया। 

2027 में 52 सीटर वोल्वो में विधानसभा आएंगे: सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि आपदा के दो साल बाद 2 हजार करोड़ रुपये केंद्र से मंजूर हुए। केंद्र हमारे हाथ बांधने की कोशिश कर रहा है। हमारी सरकार ने हर आपदा प्रभावित को बसाने का काम किया। हमने आपदा प्रभावितों के लिए नियम और कानून बदले। आपदा प्रभावितों को देश का सबसे अच्छा राहत पैकेज दिया। सुक्खू ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुने हुए विधायकों को खरीदने की कोशिश की गई और कहा गया कि इस सरकार को तो भगवान भी नहीं बचा सकता है। लेकिन प्रदेश की जनता और भगवान के आशीर्वाद से छह सीटें जीतकर कांग्रेस विधायकों की संख्या फिर से 40 हो गई। कहा कि जयराम ठाकुर ने उनकी ऑल्टो गाड़ी का मजाक उड़ाया। लेकिन 2027 के चुनाव में जीत दर्ज कर हम 52 वोल्वो में विधानसभा आएंगे। 

दो साल में हिमाचल की तस्वीर और तकदीर बदलेंगे, भ्रष्टाचारियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाएंगे: सुक्खू
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तीन साल में 10 में से सात गारंटियों को पूरा कर लिया है। राज्य के सभी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू करने का फैसला लिया है। आने वाले दो साल में बाकि सभी गारंटियों को पूरा करेंगे। 4,500 बीघा जमीन पूर्व भाजपा सरकार ने 1.32 करोड़ में दे दी गई। बड़े-बड़े उद्योगपतियों को रजिस्ट्री शुल्क माफ कर दिया गया। उद्योगपतियों को तीन रुपये प्रति यूनिट पर बिजली दी गई। शराब ठेकों से भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल में 450 करोड़ कमाया और हमारी सरकार ने एक साल में इतनी कमाई की। नैतिकता की बात करने वाले भाजपा के लोग भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हुए हैं। जो लोग राजनीति में सच्चे सेवक होते हैं, वे न घबराते हैं और न हमें किसी से घबराने की जरूरत है।  2027 में हिमाचल आत्मनिर्भर प्रदेश बनेगा। सुक्खू ने कहा कि अगर आप सब लोग कांग्रेस के साथ खड़े हैं तो आने वाले दो साल में हिमाचल की तस्वीर और तकदीर बदलेंगे, भ्रष्टाचारियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाएंगे। समारोह के समापन पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। आपदा प्रभावितों को भी राहत राशि वितरित की गई। 

हिमाचल के लोग और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे के पूरक: रजनी पाटिल
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के लोग और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। सरकार ने तीन साल में छह गारंटियों को पूरा किया है। चिट्टे के खिलाफ सरकार की ओर से शुरू किए गए अभियान की देश भर में सराहना हो रही है। हिमाचल को सामाजिक-आर्थिक व पर्यावरण की दृष्टि से संपन्न राज्य बनाना होगा। रजनी ने कहा कि महिलाओं को 15-15 साै रुपये प्रियंका गांधी के हाथों दिए जाएंगे। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का हिमाचल से विशेष लगाव रहा और राज्य को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा दिलाया।  

कांग्रेस की बदौलत ही हिमाचल बना: अग्निहोत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मंडी में आज जन सुनामी आई है। इससे साफ है कि प्रदेश की वर्तमान सरकार के तीन साल को जनता का भरपूर सहयोग मिला। आज की रैली उनके लिए भी चेतावनी है जो सोचते हैं कि घर बैठे ही सत्ता हासिल कर लेंगे। कहा कि हम उस पार्टी के वारिस हैं, जिसने हिमाचल बनाया है। इंदिरा गांधी का आशीर्वाद नहीं मिला होता तो भी हम यहां इस समारोह को न मना रहे होते। कहा कि कांग्रेस की बदौलत ही हिमाचल बना और नेहरू-गांधी परिवार की बदौलत प्रदेश आगे बढ़ा और पूर्ण राज्यत्व का दर्जा मिला। हिमाचल को बनाने में प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डाॅ. वाईएस परमार की भूमिका रही। भाजपा हिमाचल को बनाने की विरोधी थी। वीरभद्र सिंह ने लंबी पारी खेली, जो प्रदेश में विकास हुआ है यह उनकी बदौलत है।  आज सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार इसे आगे बढ़ा रही है। 

साजिश रचने वाले अधिकारी निपटेंगे: मुकेश
मुकेश ने भाजपा के नेता दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री की 1500 करोड़ की घोषणा को रोक रहे हैं। सीएम से आग्रह है कि ओपीएस के लिए एक पक्का कानून बनाओ, ताकि इसे कोई बंद नहीं कर सके। एचआरटीसी का वेतन और पेंशन 36 महीने मिली है।  कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ साजिश, दुष्प्रचार  करने वाले अफसर रात के अंधेरे में निपटेंगे। अफसरशाही संभल जाए। जो अफसर कांग्रेस की सरकार होते हुए भाजपा के लोगों के घर में हाजिरी भर रहे हैं, उनसे निपटेंगे। सुक्खू जी से भी कहना चाहेंगे ऐसे काम नहीं चलेगा, ऐसे अफसरों को दोनों हाथों से निपटाओ। कहा कि मुकेश अग्निहोत्री संतुष्ट आदमी है। लेकिन कोई कुचलने की कोशिश करेगा तो उसे नेस्तनाबूद कर देंगे। बल्क ड्रग का काम अफसरों को दो साल में पूरा करना चाहिए। कछुआ चाल से योजनाएं नहीं चलेंगी। जिसका जो हक बनता है उसे पद मिलने चाहिए ताकि अगली तैयारी शुरू की जा सके। सरकार चिट्टे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। सरकार के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। 

सांसद आपदा के बीच सुध लेने तक नहीं आईं : विनय
मंडी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि हाल ही में नई जिम्मेदारी मिली। इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार। प्रदेश में आपदा आई और कांग्रेस सरकार ने परिस्थितियों से लड़ने व उबरने का प्रयास किया। आपदा के बीच मंडी से चुनाव जीतने वाले सुध लेने भी न आए। पूछा कि वह क्यों नहीं आए। आपदा सभी के लिए आई थी। इस बीच सांसद का रवैया सही नहीं था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ग्राउंड जीरो से इस आपदा के बीच प्रभावितों के लिए कार्य किया है। 

भाजपा के कुशासन से जनता दुखी, सुक्खू ऐतिहासिक पैकेज देने वाले सीएम : चंद्रशेखर
जनसंकल्प सम्मेलन में कांग्रेस के विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा के कुशासन से जनता दुखी है। आपदा प्रभावितों के लिए सुक्खू सरकार राहत लेकर आई है। लाभार्थियों के लिए अनूठी पहल की, जिससे उनके चेहरे खिल सकें। सुक्खू ऐतिहासिक पैकेज देने वाले सीएम हैं। देशभर में ऐसा कोई नहीं कर पाया है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों के जख्मों पर कांग्रेस सरकार ने मरहम लगाया, जबकि भाजपा ने जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। ओपीएस के संबंध में रिव्यू करने की बातें विपक्षी नेता कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश सरकार आम जनता के लिए दिन-रात डटी हुई है और जनता का आशीर्वाद इस सरकार पर है। 

सत्ता में आए तो मिला खाली खजाना : रोहित ठाकुर
मंडी। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि विपरीत परिस्थिति में भी सुक्खू सरकार जनता के लिए डटी रही है। केंद्र ने आधा-अधूरा सहयोग किया। केंद्र सरकार ने हिमाचल की अनदेखी की है। जब कांग्रेस सरकार सत्तासीन हुई तो खाली खजाना मिला। जनता ने पूर्ण आशीर्वाद दिया और सरकार जनहित के कार्य कर रही है। 2021 में शिक्षा क्षेत्र की हालत बेहद खराब थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में नई पहलों के तहत कार्य करते हुए सब बदला। आज शिक्षा में हिमाचल पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। प्रदेश सरकार लगातार आम जनता के हितों की बात करते हुए कार्य कर रही है। जबकि भाजपा बयानबाजी में ही उलझी हुई है। 

राहत के लिए प्रयास किए, प्रभावितों का दुख-दर्द जाना : कौल
मंडी। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल को बनाया है, जबकि भाजपा ने स्टेट हुड मारो ठुड का नारा लगाया था। कांग्रेस ने इन सबके बावजूद हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया। कांग्रेस सरकार ने आम जनता को राहत के लिए प्रयास किए हैं, जबकि भाजपा बड़े घरानों के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि आपदा में कांग्रेस सरकार ने प्रभावितों का दुख दर्द जाना, लेकिन भाजपा राजनीति में लगी रही। 
विज्ञापन

प्रदेश सरकार ने किया बेहतरीन काम, केंद्र अपना फर्ज निभाएं : धर्माणी
मंडी। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि आपदा में कांग्रेस सरकार ने सराहनीय कार्य किए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता ने भी इन्हें सराहा है। पीएम नरेंद्र मोदी हिमाचल को दूसरा घर बताते हैं। उम्मीद थी कि वह आपदा के जख्मों पर मरहम लगाएंगे, लेकिन 2023 में कोई मदद न मिली। कोई राहत पैकेज न मिला। भाजपा ने किसी भी स्थिति में साथ न दिया। भाजपा सांसदों ने भी किनारा ही किया। हिमाचल सरकार ने अपने दम पर सब किया। सरकार की बदौलत प्रभावितों के चेहरे पर खुशियां लौटी हैं, लेकिन भाजपाई कोसने का काम करते हैं। केंद्र सरकार खोखली घोषणा करती है। जनता भाजपा से पूछे कि 1500 करोड़ घोषणा को रुकवाने का काम कौन कर रहा है। जनता के पूछने से दबाव बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र अपना फर्ज निभाए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें