देश की प्रमुख सेब आर्थिकी को तहस-नहस करने में लगी केंद्र सरकार: राठाैर
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र की भाजपा नेतृत्व एनडीए सरकार पर आरोप लगाया है कि वह देश की प्रमुख सेब आर्थिकी को तहस-नहस करने में लगी है। उन्होंने कहा है कि एक सोची-समझी रणनीति के तहत देश में अफगानिस्तान के रास्ते अवैध रूप में ईरान का सेब देश लाया जाना बहुत ही चिंता की बात है। राठौर ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार जानबूझकर भारत मे विदेशी सेब के विपणन को बढ़वा दे रही है, जिससे भाजपा को विदेशी फंड में लाभ मिल सके। राठौर ने कहा है कि उन्होंने विदेश से आने वाले सेब के मामले को प्रदेश विधानसभा में भी उठाया था और इसके बाद प्रदेश सरकार ने इस बारे केंद्र सरकार से जवाब भी मांगा था। हैरानी की बात है कि केंद्र सरकार के आश्वासन के बाद भी ईरान का सेब अवैध रूप से अफगानिस्तान के रास्ते भारत मे आना बहुत ही गंभीर मामला है। इसके चलते कोल्ड स्टोरों में रखे गए देश के सेब की मांग कम होना बहुत ही चिंता की बात है। राठौर ने केंद्र सरकार से ईरान के सेब के आयात व विपणन पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि हिमाचल के सेब बागवानों के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ सहन नहीं किया जा सकता।