पहाड़ी व्यंजन सिड्डू के स्टॉल पर हुई अच्छी कमाई
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल और हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2025 में निवेशकों और स्वयं सहायता समूहों को उत्पादों की कम बिक्री के चलते निराशा हुई है। जुन्गा में चार दिन तक चले फेस्टिवल में कई निवेशकों और समूहों का सामान नहीं बिक पाया है। स्टॉल खाली पड़े रहे। उत्सव में बाहर से भी कम ही लोग आए।
नागपुर आशीर्वाद ग्राम उद्योग की संचालिका ने बताया कि उन्होंने मसाला पापड़ का स्टॉल लगाया था लेकिन ग्राहक न आने से चार दिन में सिर्फ एक हजार का कारोबार हुआ। चिराग स्वयं सहायता ने पाइन नीडल वस्तुओं का स्टॉल लगाया था लेकिन बिक्री नहीं हुई। नागपुर से आई मालती ने महाराष्ट्र के प्रसिद्ध मूंगफली और चौलाई के उत्पाद रखे थे लेकिन कम बिके। गौरी मां स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने पहाड़ी व्यंजन सिड्डू का स्टॉल लगाया जिसमें काफी अच्छी कमाई हुई है। यूपी बरेली से आई शालू सक्सेना ने रेडीमेड कपड़ोें और नागपुर के विश्व कुमार ने बैग का स्टॉल लगाया था। तारा स्वयं सहायता समूह ने स्वेटर और हिम ईरा समूह ने अचार, चटनी, शहद, मोटे अनाज का स्टॉल लगाया था। इनमें भी ज्यादा बिक्री नहीं हुई।