हिमाचल प्रदेश अंतर महाविद्यालय महिला और पुरुष वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर में शुरू हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक राकेश जम्वाल ने किया। प्रतियोगिता में पहले दिन पुरुष वर्ग में 97 किलोग्राम भार वर्ग में गौतम कॉलेज हमीरपुर के हरीश कुमार ने स्वर्ण पदक, मंडी के आदित्य ठाकुर ने रजत पदक और एमएलएसएम सुंदरनगर के प्रज्ज्वल कुमार और पांवटा साहिब के पुष्पेंद्र कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। 125 किलोग्राम भार वर्ग में भटोली के राहुल भारद्वाज ने स्वर्ण, एमएलएसएम सुंदरनगर के मोहम्मद साजिद ने रजत पदक और ऊना के हर्ष लठ और हमीरपुर के कृष्ण कुमार ने कांस्य पदक पाया। विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि सुंदरनगर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। एमएलएसएम कॉलेज में 50 लाख की लागत से स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण किया गया है। 12 करोड़ की लागत से पुंघ में इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार नई खेल नीति ला रही है। जिसे इसी माह से लागू किया जा रहा है। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. सीपी कौशल, डॉ. सुधीर शर्मा, लोकेश शर्मा और अनिल गुलेरिया भी मौजूद रहे।
पावर लिफ्टिंग में प्रीति को स्वर्ण, रक्षित ने जीता रजत
कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के दो विद्यार्थियों ने प्रदेश पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से करवाई गई दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया। विश्वविद्यालय की छात्रा प्रीति भाटिया ने 56 किलोग्राम भार वर्ग की सब-जूनियर प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और74 किलोग्राम भार वर्ग की जूनियर प्रतियोगिता में रक्षित वर्मा ने रजत पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। विजेता छात्रों ने अपना सफलता का श्रेय कुलपति प्रो. हरींद्र कुमार चौधरी को दिया है। विजेताओं ने सफलता का श्रेय छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. विनोद शर्मा और प्रशिक्षक निखिल गौतम को भी दिया। स्पर्धा में सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के आतिथ्य एवं होटल प्रबंधन विभाग में अध्यापन कार्य कर रहे पंकज जम्वाल को बेस्ट रेफरी के सम्मान से नवाजा गया। कुलपति प्रो. हरींद्र कुमार चौधरी ने सभी विजेताओं को बधाई दी।