27 अगस्त तक चलने वाले इस युद्धाभ्यास को लेकर सेना के प्रवक्ता कर्नल सुधीर चमोली ने बताया कि दोनों देशों के विशेष बलों के बीच दोस्ती, द्विपक्षीय रक्षा सहयोग में सुधार की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
भारत-अमेरिका के सैन्य जवान इन दिनों चंबा जिले के बकलोह में संयुक्त युद्धाभ्यास कर रहे हैं। पहाड़ी इलाकों में दुश्मन को कैसे परास्त करना है, इसके लिए दोनों देशों के जवान खुद को तैयार कर रहे हैं। 27 अगस्त तक चलने वाले इस युद्धाभ्यास को लेकर सेना के प्रवक्ता कर्नल सुधीर चमोली ने बताया कि दोनों देशों के विशेष बलों के बीच दोस्ती, द्विपक्षीय रक्षा सहयोग में सुधार की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। संयुक्त विशेष युद्धाभ्यास वज्र प्रहार 2022 का 13वां संस्करण है, जो बकलोह में विशेष बल प्रशिक्षण स्कूल में चल रहा है। इससे पूर्व इसके 12वें संस्करण का आयोजन अक्तूबर 2021 में ज्वाइंट बेस लुईस मैककॉर्ड, वाशिंगटन (यूएसए) में किया गया था।
विज्ञापन
संयुक्त अभ्यास की वज्र प्रहार शृंखला का उद्देश्य संयुक्त मिशन योजना और परिचालन रणनीति जैसे क्षेत्रों में सर्वोत्तम प्रथाओं और अनुभवों को साझा करना है। साथ ही दोनों राष्ट्रों के विशेष बलों के बीच अंतर संचालन में सुधार करना है। यह वार्षिक अभ्यास भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच वैकल्पिक रूप से आयोजित किया जाता है। अभ्यास के दौरान दोनों देशों के जवान संयुक्त रूप से पहाड़ी इलाकों में विशेष ऑपरेशन, काउंटर टेररिस्ट ऑपरेशन, एयर बोर्न ऑपरेशन में महारत हासिल करेंगे।