स्टेडियम खाली फिर भी ऑफलाइन नहीं मिली टिकट
भारत-इंग्लैंड पांचवें टेस्ट मैच के तीसरे दिन क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदों पर पानी तब फिरा जब उन्हें पता चला कि स्टेडियम में ऑफलाइन टिकट नहीं मिल रहे हैं। बहुत से क्रिकेट प्रेमियों ने प्रबंधन के विरुद्ध रोष जताया। कुछ क्रिकेट प्रेमी लंबी लाइनों में खड़े होकर टिकट मिलने का इंतजार करते रहे। हालांकि कुछ क्रिकेट प्रेमियों ने यहां-वहां टिकट का पूछकर टिकट का जुगाड़ करने का प्रयास तो किया, लेकिन बहुत से क्रिकेट प्रेमी खाली हाथ ही लौट गए। कांगड़ा के अनूप लाल, पंजाब के अमृत सिंह, जसप्रीत सिंह और अमृत सिंह ने बताया कि वे वीकेंड पर परिवारों के साथ मैच देखने आए थे। यहां आकर ऑफलाइन टिकट के बारे में पता किया तो उन्हें टिकट नहीं मिली। स्टेडियम खाली होने के साथ पांच दिवसीय मैच के लिए ऑफलाइन टिकट तीसरे दिन ही खत्म होना बहुत हैरानी और समझ से परे है। पश्चिम बंगाल से आए नदीम अख्तर और नासिर ने बताया कि वे शुक्रवार सुबह ही मैच देखने के लिए धर्मशाला पहुंचे हैं, लेकिन उन्हें यहां आकर पता चला कि ऑफलाइन टिकट नहीं मिल रही है। इससे काफी निराशा हुई है।