भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी में तैनात वरिष्ठ पुस्तकालय सूचना सहायक सोनाली मल्होत्रा को पुस्तकालय और सूचना विज्ञान क्षेत्र में किए गए प्रयासों के लिए इमरजिंग वुमन लाइब्रेरियन अवार्ड 2019 से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें 22 नवंबर को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ में आठवें अंतरराष्ट्रीय पुस्तकालय और सूचना पेशेवर शिखर सम्मेलन में दिया गया। यह समारोह 24 नवंबर तक चलेगा।
सोनाली प्रदेश की प्रथम महिला युवा वरिष्ठ पुस्तकालय सूचना सहायक हैं। इससे पूर्व भी सोनाली को वर्ष 2016 में नॉलेज शैक्षणिक पुस्तकालयों में ज्ञान संगठन के लिए पीकेडीएमएस पलक्कड़ केरल में बेस्ट परफार्मेंस अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उनके राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों व पत्रिकाओं में अनेक शोथ पत्र प्रकाशित हुए हैं। अपने शोथ पत्र पेरिस और थाईलैंड में प्रदर्शित कर चुकी हैं।
इस सम्मेलन में पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के वरिष्ठ अध्यापक और लाइब्रेरियन प्रो पीवी मंगला (नेशनल टैगोर फैलो) डॉ. अंजना भट्ट यूनिवर्सिटी लाइब्रेरियन फ्लोरिडा, गल्फ यूनियन डॉ. आरके शर्मा लाइब्रेरियन यूएन इन्फार्मेशन सेंटर, डॉ. पीके जैन लाइब्रेरियन इंस्टीट्यूट ऑफ इक्नॉमिक ग्रोथ नई दिल्ली, प्रोफेसर जीन चार्ल्स प्रो यूनिवर्सिटी ऑफ स्टॉसवर्ग उपस्थित रहे।