राजधानी शिमला में अब 12 माह आइस स्केटिंग का मजा लिया जा सकेगा। इसके लिए रानी झांसी पार्क में कृत्रिम बर्फ जमाकर आई स्केटिंग रिंक बनाया जाएगा। रानी झांसी पार्क के बीच 750 वर्ग मीटर एरिया कवर करके इसमें बर्फ जमाकर स्केटिंग रिंक तैयार होगी।
अभी फिलहाल शहर में केवल लक्कड़ बाजार स्थित ओपन एयर स्केटिंग रिंक में दो माह के लिए स्केटिंग की जा सकती है। कृत्रिम बर्फ जमाने का काम नगर निगम ठेके पर देगा। रानी झांसी पार्क का सौंदर्यीकरण भी किया जाना है। यह काम पर्यटन विभाग करेगा।
नगर निगम ने पर्यटन विभाग से पार्क के बीच में 750 वर्ग मीटर भूमि का इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए निगम प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। आठ जून दोपहर दो बजे तक टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।
निगम प्रशासन ने 15 साल की लीज अवधि घटाकर 5 साल कर दी है। 5 साल बाद नगर निगम 3 साल के लिए लीज पर रिंक देगा। टेंडर आमंत्रित किए हैं। स्केटिंग रिंक बनने से पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।