80 फीसदी तक ऑक्युपेंसी की उम्मीद, पंजाब और दिल्ली से शिमला पहुंचे सैलानी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। वीकेंड पर छुट्टियों के चलते भारी संख्या में सैलानियों ने शिमला का रुख करना शुरू कर दिया है। वीरवार को ही हिल्सक्वीन सैलानियों से गुलजार हो गई। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित अन्य राज्यों से भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं।
वीकेंड पर शहर में 80 से 90 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी पहुंचने की उम्मीद है। वीरवार को आंबेडकर जयंती, शुक्रवार को गुड फ्राइडे के बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी के चलते भारी संख्या में सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। बुधवार शाम से ही शिमला में पर्यटक वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए छुट्टियाें में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। वीरवार को दोपहर बाद सर्कुलर रोड पर स्थित बहुमंजिला पार्किंग के अधिकतर फ्लोर पैक हो गए। सर्कुलर रोड पर टूरिस्ट वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मालरोड जाने वाली लिफ्ट के बाहर भी सैलानियों की कतारें लगी रहीं। रिज मैदान और मालरोड पर भारी संख्या में सैलानी चहलकदमी करते दिखे। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि इस वीकेंड पर शिमला में सैलानियों की भारी आमद की उम्मीद है। वीरवार से टूरिस्ट शिमला पहुंचने शुरू हो गए हैं।
कुफरी, नारकंडा, चायल
भी सैलानियों से गुलजार
शिमला के अलावा लांग वीकेंड पर कुफरी, नारकंडा और चायल भी सैलानियों से गुलजार होने शुरू हो गए हैं। वीरवार को भारी संख्या में टूरिस्टों ने कुफरी और नारकंडा का रुख किया। दिनभर कुफरी में सैलानियों की खूब रौनक रही। नारकंडा के होटलों और होम स्टे में भी इस वीकेंड के लिए कमरों की एडवांस बुकिंग है।