हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में यात्रियों से स्वच्छता और इंश्योरेंस के नाम पर अतिरिक्त वसूली की जा रही है। निगम की बसों में इस वसूली का यात्रियों ने कड़ा विरोध जताया है। सफर के दौरान यात्रियों को चार रुपये इंश्योरेंस और एक रुपये स्वच्छता शुल्क के तौर पर बस परिचालक को देने पड़ रहे हैं, जबकि प्रदेश में चलने वाली दूसरे राज्यों की बसों और निजी बसों में इस तरह का कोई शुल्क वसूल नहीं किया जा रहा। निगम की बसों में इस वसूली से परेशान अधिकतर यात्री निजी बसों में सफर करना पसंद कर रहे हैं। इससे निगम को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
परिवहन निगम पहले ही लोकल बस किराया पांच रुपये वसूल कर रहा है। अब अलग से पांच रुपये की वसूली करने पर यात्री भड़क गए हैं। यात्रियों में सुरेश शर्मा, विनोद शर्मा, प्रवेश ठाकुर, सुशील शर्मा, वंदना कुमारी, प्रियंका, सुरेखा और दीप्ति ने कहा कि निगम की बसों में इंश्योरेंस और स्वच्छता के नाम पर पांच से छह रुपये की अतिरिक्त वसूली गलत है। दूसरे राज्यों की तुलना में हिमाचल में पहले ही अधिक बस किराया वसूला जा रहा है।