एचआरटीसी के प्रदेश भर में 28 डिपुओं में तैनात करीब 900 पीस मील वर्करों ने अनुबंध की मांग की है। पीस मील कर्मचारी संघ ने सरकार से इन कर्मचारियों को अविलंब अनुबंध में शामिल करने की मांग उठाई है। संघ के अनुसार इस संबंध में कई बार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर के समक्ष मांग रख चुके हैं।
पीस मील कर्मचारियों के हक के लिए सरकार का सकारात्मक रवैया रहा है। हालांकि, आचार संहिता के कारण उनको अनुबंध में शामिल करने की प्रक्रिया रुकी थी। अब आचार संहिता खत्म हो गई है, लिहाजा इस बाबत जल्द फैसला लिया जाना चाहिए।
एचआरटीसी पीस मील कर्मचारी संघ धर्मशाला डिवीजन प्रधान संजीव कुमार की अध्यक्षता में धर्मशाला में बैठक हुई। अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि एचआरटीसी के बीओडी की बैठक में मंत्री ने उनके हक में फैसला लेकर उन्हें अनुबंध में शामिल करने को हरी झंडी दे दी है। पुरानी नीति के अनुसार चार से पांच सालों में अनुबंध की बजाए अब तीन से चार साल में इसका लाभ मिलेगा।
यदि सरकार इसे लागू कर देती है तो प्रदेश के 900 में से करीब 500 पीस मील कर्मचारियों को अनुबंध का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कई ऐसे वॉशमैन हैं, जिन्हें नौ साल हो चुके हैं और अपनी आयु के 45 साल पूरे कर चुके हैं। नई नीति से इन कर्मचारियों को भी लाभ मिलेगा। इस मौके पर सन्नी, विशाल, संजय, जसूर से मनोज, उमेश, राकेश, बैजनाथ से विजयकांत, सोनू, पालमपुर से सुनील, राकेश, नगरोटा बगवां से चंद्रमोहन, योगेश, विकास, सचिन, पठानकोट से मनोज और सिंटू आदि मौजूद रहे।