5 बजे के बाद स्थानीय बसें संचालित नहीं होंगी
दिवाली पर्व के चलते हिमाचल प्रदेश में 31 अक्तूबर को स्थानीय रूटों पर शाम 5:00 बजे के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) की बसें नहीं चलेगी। परिवहन निगम के कर्मचारी भी परिवार के साथ दिवाली मना सकें, इसके चलते निगम ने बसें न चलाने का फैसला किया है। लंबे रूटों और नाइट रूटों की बसों को भी क्लब किया गया है। लंबे रूटों पर जहां सात बसें भेजी जाती हैं, वहां पांच ही भेजी जाएंगी। नाइट रूटों पर भी एक-एक बसें भेजी जाएंगी। चालक परिचालकों के घर जिस रूट पर पड़ते हैं उनकी उन्हीं रूटों पर ड्यूटी लगाई गई है ताकि ये कर्मचारी भी परिवार के साथ दिवाली मना सकें। शुक्रवार को गोवर्धन पूजा है, ऐसे में सुबह 10:00 बजे तक ही बसों का नियमित संचालन हो सकेगा।
ऐसे संचालित होंगी बसें
परिवहन निगम ने बसों की भारी डिमांड के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए ऑन डिमांड अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला लिया है। दिवाली पर शिमला, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित अन्य बड़े बस अड्डों से स्पेशल बस चलाई जाएगी। परिवहन निगम की बसों में सवारियों की भीड़ है, ऐसे में चालकों को सूझबूझ के साथ बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, निगम दिवाली पर शाम 5:00 बजे के बाद स्थानीय बसें संचालित नहीं की करेगा। शाम 5:00 बजे के बाद प्रस्थान करने वाली बस सेवाओं को इस प्रकार चलाया जाएगा कि अंतिम बस शाम पांच बजे प्रस्थान करे। लंबी दूरी की अधिकतर बस सेवाओं को एक साथ जोड़ा जा सकता है। लंबे रूटों की सेवाओं को इस तरह से चलाया जाएगा कि जनता को सुविधा मिल सके और यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि बसें खाली न चलें।
राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली का त्योहार सभी के जीवन को प्रकाशमान करता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई और अंधेरे पर प्रकाश की विजय का संदेश देता है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह त्योहार प्रदेशवासियों के जीवन में अपार खुशियां लाएगा। सीएम सुक्खू ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दीपावली का त्योहार लोगों को सद्भावना, एकता और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि समृद्धि और धन-धान्य का यह पर्व सभी के जीवन में उल्लास और प्रसन्नता लाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह त्योहार एकता के बंधन को मजबूती प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से त्योहार को पारंपरिक और पर्यावरण संरक्षण की भावना के साथ से मनाने का आह्वान भी किया। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दीपावली पर्व पर प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि प्रकाश का यह उत्सव प्रदेशवासियों के जीवन में खुशियां लेकर आएगा।