हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने स्नातक कक्षाओं में प्रवेश की तिथि को 30 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला लिया है। यह फैसला उन विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है जो शैक्षणिक सत्र 2025-26 की स्नातक कक्षाओं में किन्हीं कारणों से निर्धारित तिथि तक प्रवेश नहीं ले पाए थे। अब विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी सरकारी, गैर सरकारी महाविद्यालयों में स्नातक स्तर की कक्षाओं में प्रवेश की अंतिम तिथि को बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान की है।
इसके तहत हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अध्यादेश महाविद्यालय के विवरणिका में दर्शाए गए नियमों व समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा। महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं विभिन्न विद्यार्थियों की ओर से पत्रों/अभ्यावेदनों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने के बाद यह लिया गया है।