प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में निरीक्षक उपनिदेशक कांगड़ा के उड़नदस्ते की टीम ने जिले की दुर्गम घाटी मुल्थान तहसील की लोहारड़ी और कोठी कोढ़ परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। बर्फ में करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर टीम परीक्षा केंद्र पहुंची।
हालांकि, परीक्षा केंद्र में किसी प्रकार का कोई नकल का मामला टीम को नहीं मिला है, लेकिन दुर्गम घाटी के दोनों परीक्षा केंद्रों में इस साल पहली बार निरीक्षण करने उड़नदस्ता पहुंचा।
उपनिदेशक निरीक्षण कांगड़ा केके शर्मा के नेतृत्व में लोहारड़ी और कोठी कोढ़ पहुंची निरीक्षण टीम में प्रधानाचार्य संजय ठाकुर, दीनेश मिश्रा और अश्वनी नाग शामिल रहे। उपनिदेशक निरीक्षण कांगड़ा केके शर्मा ने बताया कि लोहरड़ी में 33 और कोठी कोढ़ में 14 अभ्यर्थी बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में बैठे थे।
रास्ता खराब होने की वजह से इन दोनों परीक्षा केंद्रों में कोई भी उड़नदस्ता अभी तक निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचा था। इसलिए शनिवार को उपनिदेशक निरीक्षण की टीम निरीक्षण के लिए वहां गई थी।
बीओ ने किया प्राइमरी स्कूलों का निरीक्षण
उपनिदेशक निरीक्षण केके शर्मा ने बताया कि दुर्गम घाटी के प्राथमिक स्कूलों का शनिवार को निरीक्षण किया गया। बीओ दीनेश कटोच और जगत राम ने घाटी के प्राइमरी स्कूलों का निरीक्षण किया।