नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने अपने कुशासन, अंतर्विरोधों और गलत नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश को दो दशक पीछे धकेल दिया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी और राज्य व केंद्र में डबल इंजन सरकार बनने पर प्रदेश का विकास दोगुनी गति से होगा। मंडी के मुख्यमंत्री संवाद कक्ष में सोमवार को आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि हालिया पंचायत चुनाव में भाजपा को शानदार सफलता मिली है लेकिन पार्टी का असली लक्ष्य वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार की नीतियों से जनता निराश है और इसका असर आगामी चुनावों में दिखाई देगा।