पंचायत चुनाव के चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों के प्रकाशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पंचायतीराज विभाग ने पहले से तैयार वोटर लिस्ट का विशेष पुनरीक्षण (स्पेशल रिवीजन) भी आरंभ कर दिया है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। नई गठित पंचायतों के लिए अलग से मतदाता सूचियां तैयार की जा रही हैं। इन पंचायतों में मतदाताओं का डाटा एकत्र कर सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
विज्ञापन
इसके लिए पंचायत सचिवों और बीएलओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं। स्पेशल रिवीजन के तहत मतदाताओं को अपने नाम जोड़ने, संशोधित करने या हटाने का अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन किया जा सकता है। पंचायतीराज विभाग का लक्ष्य है कि इस महीने के अंत तक प्रदेश की 3757 पंचायतों की मतदाता सूचियां पूरी तरह तैयार कर ली जाएं। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी भी की जा रही है।