आईपीएल के दसवें संस्करण के लिए सोमवार को होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी में हिमाचल के तीन खिलाड़ियों पर भी नजर रहेगी। हिमाचल के दो अन्य खिलाड़ियों के लिए खुशी की खबर यह है कि इन्हें पुरानी फ्रेंचाइजी ने अपने साथ रखा है। ये दोनों अपनी पुरानी टीम के साथ ही जुड़े रहेंगे।
अंकुश बैंस राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स के साथ जुड़े रहेंगे। इन्हें टीम ने दस लाख कीमत के साथ टीम में रखा है। इनके अलावा बिपुल शर्मा भी गत वर्ष की टीम से ही खेलेंगे। ये भी दस लाख की कीमत के साथ सनराइज हैदराबाद की टीम में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं।
इधर, नीलामी में शामिल 352 खिलाड़ियों की सूची में हिमाचल के तीन क्रिकेटर भी शामिल हैं। तीनों क्रिकेटरों का पुरानी टीमों के साथ करार खत्म हो गया है। ऐसे में इस बार इनको नई टीम मिल सकती है।