पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ की प्रदेश भाजपा इकाइयों के अध्यक्ष पद के चुनाव आगामी 20 नवंबर तक मुकम्मल हो जाएंगे। इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी अविनाश राय खन्ना ने यहां हुई बैठक की अध्यक्षता की।
इसमें इन प्रदेशों के चुनाव अधिकारियों क्रमश: प्रो. राजिंदर भंडारी, ऋषि प्रकाश शर्मा, विक्रम सिंह ठाकुर, चंद्र मोहन गुप्ता और प्रेम कौशिक ने हिस्सा लिया।
खन्ना ने उनसे कहा कि वह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 20 नवंबर तक चुनाव प्रक्रिया मुकम्मल करें। कार्यक्रम के अनुसार 20 सितंबर तक बूथ, 10 अक्टूबर तक मंडल, 20 अक्टूबर तक जिला और 20 नवंबर तक प्रदेशाध्यक्षों के चुनाव करवाया जाना तय है।