प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में शुक्रवार को बारिश के आसार हैं। चार मैदानी जिलों में मौसम साफ रहेगा। वीरवार को राजधानी शिमला में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 जून तक मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति के कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान जताया है।
मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 12 जून तक धूप खिली रहने की संभावना जताई गई है। वीरवार शाम को शिमला में 0.6 और सुंदरनगर में 2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। शुक्रवार को कुछ मैदानी जिलों में गर्म हवाएं चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में अंधड और बारिश का येलो अलर्ट है। शिमला में बूंदाबांदी होने से मौसम में हल्की ठंडक हुई है। शहरवासियों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम
ऊना 44.5 24.2
बिलासपुर 40.0 25.0
हमीरपुर 40.1 21.8
कांगड़ा 39.9 24.2
नाहन 38.1 25.9
चंबा 38.4 22.5
धर्मशाला 37.0 22.4
सोलन 36.5 19.2
मनाली 29.0 14.2
शिमला 29.0 19.8
कल्पा 24.7 10.9
केलांग 19.0 6.0