फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monsoon in Himachal: झमाझम बारिश के बीच हिमाचल पहुंचा मानसून, नदी-नाले उफान पर, शिमला में सड़कों पर भरा पानी

Wed, 29 Jun 2022 09:37 PM IST
अरविन्द ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला

सार

हिमाचल में मानसून प्रवेश कर गया है। इस वर्ष सामान्य से तीन दिन बाद दक्षिण पश्चिम मानसून ने हिमाचल में दस्तक दी है। 26 जून को मानसून के हिमाचल में प्रवेश करने को सामान्य तारीख माना गया है। 
विज्ञापन
राजधानी शिमला में सड़क पर जमा हुआ पानी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में बुधवार को झमाझम बारिश के बीच सामान्य से पांच दिन देरी से मानसून ने प्रवेश किया। जोरदार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कांगड़ा जिले के नंदरूल में सड़क बह जाने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो गई है। वहीं चंबा जिले में चुवाड़ी-पठानकोट मार्ग पर देर शाम पहाड़ी से सड़क पर चट्टानें गिरने लगीं। पंजाब की एक कार भी इसकी चपेट आई, लेकिन गाड़ी चालक ने ऐन मौके पर वहां से भाग कर अपनी जान बचाई।

विज्ञापन


मानसून के हिमाचल में दस्तक देने की सामान्य तारीख 24 जून मानी जाती है। बुधवार को राजधानी शिमला सहित अधिकांश जिलों में भारी बारिश हुई। इससे प्रदेश के नदी, नाले और खड्डें उफान पर हैं। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी जमा होने से प्रशासन की तैयारियों की पोल खुल गई। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर केरू पहाड़ के पास तीन घंटों तक यातायात बाधित रहा। भटियात के गांव खरिवाड़ी में एक कच्चा मकान क्षतिग्रस्त भी हुआ। लाहौल-स्पीति जिले में एक सड़क बाधित हुई है। शिमला, हमीरपुर, कुल्लू में चार बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में वीरवार को भी भारी बारिश और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।

3 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं। प्रदेश में मंगलवार रात से ही बारिश का दौर शुरू हो गया था। बुधवार सुबह 8:00 बजे तक सरकाघाट में सबसे अधिक 109, भोरंज में 100, सुजानपुर में 84, बड़सर में 63, देहरा गोपीपुर में 54, जुब्बड़हट्टी में 48, नादौन, बिलासपुर में 39-39 और शिमला में 34 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। ट्रांसफार्मर खराब होने से कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई ठप रही। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि 1 से 28 जून तक प्रदेश में सामान्य से 42 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई। आने वाले 72 घंटों के दौरान प्रदेश में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। 
विज्ञापन


सिरमौर और शिमला जिले में बाढ़ आने की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी 72 घंटों के दौरान भारी बारिश के चलते शिमला और सिरमौर जिला के कुछ क्षेत्रों में बाढ़ आने की चेतावनी जारी की है। जिला प्रशासन को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
 

कब-कब आया मानसून

वर्ष    तारीख
2021    13 जून
2020    24 जून
2019    2 जुलाई
2018    27 जून
2017    1 जुलाई
2016    21 जून
2015    24 जून
2014    1 जुलाई
2013    15 जून
2012    27 जून
2011    25 जून
2010    4 जुलाई
विज्ञापन

तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

क्षेत्र    अधिकतम    न्यूनतम
ऊना       36.2        25.6
चंबा      32.3          24.4
हमीरपुर    30.5        23.2
बिलासपुर    29.0      25.0
कांगड़ा    27.5        23.0
धर्मशाला    26.5      21.2
केलांग    27.2        15.3
कल्पा    26.3        16.5    
नाहन    25.9        23.9        
सोलन    22.5        20.6
शिमला    22.0     18.0
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें