हिमाचल प्रदेश से दो से तीन दिन के भीतर मानसून विदा होगा। 13 जून को मानसून ने प्रदेश में प्रवेश किया था। मानसून सीजन के दौरान अभी तक सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। बुधवार छह अक्तूबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम बदलने से सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। नौ अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहने की संभावना जताई गई है।
ये भी पढ़ें:
महिला डाकिया के घर में मिले कॉल लेटर, 1029 आधार कार्ड और ढाई हजार से अधिक स्पीड पोस्ट
मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35.3, बिलासपुर में 32.0, हमीरपुर में 31.2, सुंदरनगर में 31.0, कांगड़ा में 30.9, भुंतर में 30.8, चंबा में 30.2, सोलन में 29.2, नाहन में 27.8, धर्मशाला में 27.2, शिमला में 23.5, कल्पा में 21.2, केलांग में 19.1 और डलहौजी में 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 3.9, कल्पा में 7.6, मनाली में 9.6, डलहौजी में 13.8 और शिमला में 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि मानसून विदा होने की संभावनाएं काफी अधिक बन गई है। दो से तीन दिनों के भीतर दक्षिण पश्चिम मानसून प्रदेश से विदा हो सकता है। उन्होंने बताया कि एक से पांच अक्तूबर तक प्रदेश में सामान्य से 91 फीसदी अधिक बारिश दर्ज हुई। चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू और मंडी जिला में सामान्य से अधिक बारिश हुई, शेष जिलों में सामान्य से कम बादल बरसे।
निगुलसरी में फिर भूस्खलन
उधर, किन्नौर जिले के निगुलसरी में मंगलवार को दूसरे दिन भी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी दरकने से नेशनल हाईवे-5 पर दोनों ओर वाहनों के पहिये थमे रहे। किन्नौर और शिमला के बीच आवाजाही करने वाले हजारों लोगों, पर्यटकों को परेशानी झेलनी पड़ी। बता दें सोमवार को भी यहां पहाड़ी से चलती बस पर पत्थर गिर गए थे। हादसे में पांच यात्रियों को चोटें आई थीं।
टकरासी में ओलावृष्टि
उधर, आनी उपमंडल की टकरासी पंचायत में ओलावृष्टि ने कहर बरपाया है। ओलावृष्टि से कई नकदी फसलों को नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र के किसानों ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।