कुल्लू-चंबा की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात
जिला कुल्लू की तीर्थन घाटी में मंगलवार को मौसम ने करवट ली और बशलेउ दर्रा एवं लांभरी जोत सहित आसपास के ऊंचे इलाकों में हल्का हिमपात हुआ है। इससे ठंड को प्रकोप बढ़ा है। जबकि तीर्थन घाटी के निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी होने से मौसम कूल-कूल हुआ है। दोपहर बाद ढालपुर में अंधड़ भी चला और लोगों को परेशान होना पड़ा। उधर, जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में दिनभर मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। वहीं चंबा जिले भरमौर की ऊंची पहाड़ियों पर मंगलवार को पांच सेंटीमीटर हिमपात हुआ। जबकि, निचले क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप रहा। मणिमहेश, कुगती, चौबिया, दरूड़ी धार, काली छौ के पहाडों पर दोपहर बाद ताजा बर्फबारी हुई। निचले क्षेत्र में बादल छाए रहे। बर्फबारी के बाद ठंड काफी बढ़ गई है।
कहां कितना तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 7.8, सुंदरनगर 8.9, भुंतर 7.2, कल्पा 0.8, धर्मशाला 10.6, ऊना 8.6, नाहन 9.7, पालमपुर 9.5, सोलन 6.2, मनाली 3.1, कांगड़ा 10.3, मंडी 9.5, बिलासपुर 10.5, जुब्बड़हट्टी 9.4, कुकुमसेरी -5.0, सेऊबाग 5.5, बरठीं 9.6, कसाैली 10.2, पांवटा साहिब 14.0, सराहन 5.5, ताबो -4.7, देहरा गोपीपुर 13.0 व नेरी में 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 3-4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 28.4, मंडी में 26.5, कांगड़ा में 26.2, सोलन में 23.5, नाहन में 23.1, धर्मशाला में 22.0, शिमला-मनाली में 18.0, कल्पा में 15.0 और ताबो में 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
2 मार्च तक ऐसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 26 फरवरी तक माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 27 फरवरी से एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 27 को ऊंची चोटियों व 28 फरवरी को उच्च व मध्य पर्वतीय कुछ भागों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। इस दाैरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति के कुछ भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 1 व 2 मार्च को पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं।