राष्ट्रीय राजमार्ग चंडीगढ़-मनाली पर गंभरपुल नामक स्थान पर खड्ड में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई है। यह हादसा बिलासपुर जिला के स्वारघाट से करीब आठ किलोमीटर दूर बिलासपुर-सोलन सीमा पर शनिवार देर शाम हुआ है। मनीषा (8) और दिव्या (12) साल की दोनों बहनें जंगल से लकड़ी लाने गई थीं। पांव फिसलने से मनीषा खड्ड में गिर गई, जिस पर बचाने के लिए बड़ी बहन दिव्या ने भी छलांग लगा दी। पुलिस के अनुसार नेपाली मूल के किशन बहादुर गंभर पुल के समीप 50 साल से ढाबा चलाते हैं। इनकी दो बेटियां और 6 वर्ष का एक बेटा है।
विज्ञापन
ढाबे में खाना पकाने के लिए दोनों बेटियां लकड़ियां लेने गई थीं। वहीं, चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार देने के बाद 108 एंबुलेंस से बिलासपुर अस्पताल ले गए। यहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नालागढ़ के डीएसपी विवेक ने बताया कि दोनों का पोस्टमार्टम रविवार को बिलासपुर अस्पताल में कराया जाएगा। पुलिस थाना रामशहर के थाना प्रभारी रूप लाल ने बताया कि उक्त संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।