हिमाचल प्रदेश में तकनीकी शिक्षा बोर्ड की ओर से प्रदान किए जाने वाले डिप्लोमा को बारहवीं कक्षा के विज्ञान संकाय के समकक्ष मान्यता दिलाई जाएगी। इस पहल से तकनीकी शिक्षा प्राप्त विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अधिक अवसर मिलने की संभावना है। सोमवार को राज्य सचिवालय में सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. अभिषेक जैन की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में यह फैसला किया गया। इसके अलावा बोर्ड ने निर्णय किया कि वर्ष 2020 के बाद फार्मेसी में डिप्लोमा करने वाले विद्यार्थियों को फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की संशोधित अधिसूचना के अनुरूप डिप्लोमा प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे, जिससे उनकी योग्यता राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रहेगी। तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 14 करोड़ रुपये का बजट पारित किया है। इस दौरान तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता, परीक्षा प्रणाली में सुधार और पाठ्यक्रमों के आधुनिकीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।