हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड
- फोटो : Amar Ujala
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 26 नवंबर से अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) का आयोजन करेगा। 26 नवंबर से शुरू होने वाली ये परीक्षाएं 9 दिसंबर तक जारी रहेंगी। इन परीक्षाओं का आयोजन सुबह और शाम दो सत्रों में होगा। अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थी 9 से 30 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस दौरान आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों से 800 रुपये, जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये शुल्क अदा करना होगा।
इस संदर्भ में स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डाॅ. विशाल शर्मा ने कहा कि आठ विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से 9 से 30 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 31 अक्तूबर से दो नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन विलंब शुल्क 300 रुपये के साथ जमा करवाए जा सकेंगे।
अभ्यर्थियों के पास ऑनलाइन आवेदन करते समय विवरण में की गई त्रुटियों को दुरुस्त करने के लिए तीन से छह नवंबर तक का समय होगा। इस दौरान सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 800, जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये शुल्क के रूप में जमा करवाने होंगे। परीक्षा के चार दिन पहले स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से एडमिट कार्ड बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे, जहां से अभ्यर्थी इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं।
कब होगी किस विषय की परीक्षा
स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार जेबीटी विषय की परीक्षा 26 नवंबर को सुबह 10 और शास्त्री विषय की परीक्षा सायं दो बजे से शुरू होगी। वहीं टीजीटी नॉन मेडीकल और एलटी विषय की परीक्षा 27 नवंबर को सुबह और शाम दो सत्रों में होगी। इसके अलावा टीजीटी आर्ट्स और टीजीटी मेडिकल तीन दिसंबर, पंजाबी और उर्दू विषय की परीक्षा नौ दिसंबर को सुबह और सायंकालीन दो सत्रों में होगी।