थुरल के गरडेड़ गांव में भूस्खलन, खाली करवाया, 10 फीट तक धंसी जमीन
थुरल तहसील के अंतर्गत गांव गरडेड़ में मंगलवार सुबह 5:00 बजे भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है जो अभी भी जारी है। लगभग 10 फीट तक जमीन धंस चुकी है और लगातार इसमें इजाफा हो रहा है। गरडेड़ गांव में 10 परिवार रहते हैं और सभी के मकान भूस्खलन की चपेट में आ गए हैं। दूसरे गांव के लोगों ने प्रभावितों को सुरक्षित निकाला। घरों की तरफ किसी को जाने नहीं दिया जा रहा। क्योंकि वहां लगातार भूस्खलन हो रहा है। चार मकान मलबे में दब गए हैं और कई मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होक गए हैं। लोगों की गाड़ियां भी मलबे में दब गईं। थुरल तहसीलदार राजेश जरियाल ने कहर कि गांव के लोगों और पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। गांव में अभी भी भूस्खलन हो रहा है। इसलिए प्रशासन ने किसी को भी आगे मकानों की तरफ जाने पर पाबंदी लगा दी है ताकि कोई अनहोनी न हो सके।
बिलासपुर: भारी बारिश से घुमारवीं में बिजली के खंभे उखड़े
बिलासपुर के घुमारवीं क्षेत्र में बीती रात हुई भारी बारिश से बिजली बोर्ड को काफी नुकसान हुआ है। बारिश के कारण बिजली के खंभे उखड़ गए हैं, जिस कारण कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। बोर्ड के कर्मचारी सुबह से विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं। सीर खड्ड का जलस्तर बढ़ने से कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। कर्मचारी फील्ड में डटे हुए हैं।
बंगाणा: भारी बारिश के बाद दलदल बनी नलवाड़ी-तलमेहड़ा जोल सड़क
उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की नलवाड़ी-तलमेहड़ा जोल सड़क कुछ स्थानों पर बारिश से दल-दल बन गई। वहीं थानाकलां-भाखड़ा सड़क के मध्य कोलका रायपुर मैदान के मध्य ज्वालापुर में सोमवार दोपहर तथा देर रात को भारी बारिश होने से सड़क फिर दलदल में तब्दील हो गई।