प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर के कारण खराब होते हालात के चलते प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने जूनियर इंजीनियर समेत 22 विभिन्न पोस्ट कोड की भर्तियां स्थगित कर दी हैं। यह परीक्षाएं नौ मई से 27 जून तक प्रस्तावित थी। कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग कोई जोखिम नहीं मोल लेना चाहता। इससे पूर्व स्टाफ नर्स समेत चार विभिन्न पोस्ट कोड की लिखित परीक्षाओं को भी चयन आयोग बीते दिन स्थगित कर चुका है।
चयन आयोग ने एक अप्रैल को जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रिकल समेत 22 विभिन्न पोस्ट की भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल जारी किया था, लेकिन प्रदेश में जिस तरह कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। उन हालातों में भर्ती परीक्षाएं करवाना मुश्किल है। प्रदेश सरकार ने पांच दिन का कार्य दिवस किया हुआ है। इसके चलते शनिवार और रविवार को सरकारी, निजी बसों के रूटों पर न चलने से अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र तक पहुंचना मुश्किल है।
चयन आयोग ने इन परीक्षाओं को भी कोरोना के मामलों में कमी आने तक टाल दिया है। प्रदेशभर के हजारों युवाओं ने बीते वर्ष इन पदों के लिए आवेदन करने के बाद परीक्षा की तैयारियां शुरू की हैं, लेकिन अब भर्ती परीक्षाओं के लटकने से बेरोजगार युवाओं का सरकारी नौकरी का इंतजार लंबा खिंच गया है।
उधर, प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के अवर सचिव सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि कोरोना के मामले बढ़ने से 9 मई से होने वाली 22 विभिन्न पोस्ट कोड की परीक्षाओं का शेड्यूल स्थगित कर दिया है। अब कोरोना के मामले कम होने के बाद नए सिरे से शेड्यूल जारी किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने एक अप्रैल को 285 पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षाओं का शेड्यूल जारी किया था। यह परीक्षाएं 9 मई से 27 जून तक प्रस्तावित थी।