ऊना में पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के लिए बजट बढ़ने की उम्मीद
केंद्र सरकार के सोमवार को पेश होने वाले केंद्रीय बजट में ऊना के मलाहत में बनने वाले पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के लिए बजट बढ़ सकता है। करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पीजीआई सेटेलाइट सेंटर में 300 बिस्तरों की क्षमता होगी और पीजीआई चंडीगढ़ के बराबर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
स्वां नदी के पांचवें व अंतिम चरण के लिए बाढ़ नियंत्रण विभाग ने 276 करोड़ का प्रारूप बनाकर केंद्र सरकार को भेजा है। इस बार के आम बजट में इस बजट को मंजूरी की आस बनी हुई है। दौलतपुर से लेकर मारवाड़ी तक की 11 खड्डों को इसमें सम्मिलित किया गया है।
इसके अलावा हरोली विस क्षेत्र में बन रही ट्रिपल आईटी के लिए केंद्र सरकार की ओर से बजट बढ़ाया जा सकता है। ऊना के हरोली विधानसभा क्षेत्र में बनने प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क के लिए केंद्रीय बजट में बड़ी घोषणा हो सकती है। उद्योगपतियों को भी बजट से काफी उम्मीदें हैं। उद्योगों में विद्युत दरों को घटाने एवं जीएसटी कम करने को लेकर भी इस बजट में विशेष उम्मीद लगाई जा रही है।