हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में नए चेहरों के सियासी प्रयोग ने ठियोग में चुनावी जंग को रोचक बना दिया है। इस सीट पर माकपा, कांग्रेस और भाजपा के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। आम आदमी पार्टी और निर्दलियों के चुनाव मैदान में उतरने से ठियोग के राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। भाजपा और कांग्रेस ने ठियोग में नए चेहरों पर दांव खेला है। भाजपा ने संगठन महामंत्री अजय श्याम और कांग्रेस ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर पर भरोसा जताया है।
वर्तमान विधायक राकेश सिंघा दोबारा अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। निर्दलीय इंदु वर्मा और विजय पाल खाची ने तीनों राष्ट्रीय दलों की मुसीबतें बढ़ा दी है। यहां कुल आठ प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। ठियोग विधानसभा क्षेत्र का चुनाव क्षेत्रीय, परंपरागत और कैडर वोट के इर्दगिर्द घूमता है। ठियोग विधानसभा क्षेत्र के तहत मुख्य तौर पर किंगल, नारकंडा, कुमारसेन, कोटगढ़, मतियाना और ठियोग आता है।
यहां क्षेत्रवाद और जातिवाद काफी हावी है। क्षेत्र के हिसाब से प्रत्याशियों के चयन पर मतदाता बीते कई चुनावों से पैनी नजर रखते रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी अजय श्याम, निर्दलीय इंदु वर्मा और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अतर सिंह चंदेल ठियोग के रहने वाले हैं। कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप सिंह राठौर और माकपा विधायक राकेश सिंघा कोटगढ़ के निवासी हैं। निर्दलीय विजय पाल खाची कुमारसेन से संबंध रखते हैं। भाजपा ने इस बार ठियोग से संगठन से जुड़े अजय श्याम को प्रत्याशी बनाया है।
कांग्रेस ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को प्रदेश में एक संसदीय क्षेत्र और तीन विधानसभा क्षेत्रों में जीत दिलाने का तोहफा देते हुए प्रत्याशी बनाया है। वर्तमान विधायक राकेश सिंघा अपने विकास कार्यों को गिनाते हुए चुनाव मैदान में उतरे हैं। पूर्व विधायक दिवंगत राकेश वर्मा की पत्नी इंदु वर्मा और पूर्व मंत्री दिवंगत जेबीएल खाची के पुत्र विजय पाल खाची भी कांग्रेस टिकट के दावेदार थे लेकिन प्रत्याशी नहीं बनने पर इन्होंने निर्दलीय हुंकार भर कर पार्टी की परेशानी बढ़ा दी है। सेब और सब्जी उत्पादकों की संख्या ठियोग में अधिक है।
74.92 फीसदी मतदान
12 नवंबर को ठियोग विधानसभा क्षेत्र में 74.92 फीसदी मतदान हुआ है। ठियोग की सीमा पांच विधानसभा क्षेत्रों से लगती है। कसुम्पटी, शिमला ग्रामीण, जुब्बल कोटखाई, चौपाल और रामपुर विधानसभा क्षेत्र ठियोग के इर्दगिर्द है। ठियोग को गेटवे ऑफ अपर शिमला के नाम से भी जाना जाता है।
ठियोग कुल मतदाता : 86236
महिला मतदाता : 43685
पुरुष मतदाता : 42550
थर्ड जेंडर : एक
राजपूत मतदाता : 52 फीसदी
अनुसूचित जाति मतदाता : 29 फीसदी
ब्राह्मण मतदाता : 16 फीसदी
अन्य मतदाता : तीन फीसदी
कौन कब-कब जीता
वर्ष विजेता पार्टी
1993 राकेश वर्मा भाजपा
1998 विद्या स्टोक्स कांग्रेस
2003 राकेश वर्मा निर्दलीय
2007 राकेश वर्मा निर्दलीय
2012 विद्या स्टोक्स कांग्रेस
2017 राकेश सिंघा माकपा