हिमाचल के मंडी जिले कि सराज क्षेत्र की लंबाथाच पंचायत में महिला की मांग पर अनूठी पहल कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इस पंचायत में पंचायत प्रतिनिधियों ने रविवार को पंचायत की आम सभा में प्रस्ताव पारित कर शादी-ब्याह अन्य समारोह में शराब परोसने पर पूर्ण पांबदी लगा दी है। यदि कोई परिवार शादी-ब्याह अथवा अन्य समारोह में शराब परोसता है, तो उसे पंचायत दस हजार रुपये जुर्माना ठोकेगी।
यदि कोई परिवार समारोह में सार्वजनिक रूप से शराब परोसता है, तो पंचायत उससे जबाव भी मांगेगी। पंचायत भवन में रविवार को आयोजित आम सभा की बैठक में पंचायत के तीन महिला मंडलों सुनाह, निहरी व बग्लियारा की मांग पर वार्ड सदस्य सुनाह राधा देवी ने प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव रखते ही आम सभा में मौजूद पुरूषों ने प्रस्ताव का विरोध किया।
पुरूषों की एक न चली
लेकिन, आम सभा में महिलाओं का बोलबाला अधिक था। आम सभा में कुल 367 लोगों ने हिस्सा लिया। इसमें 181 महिलाएं शामिल थी। पुरूषों के ओर से विरोध के स्वर उठते ही महिलाओं ने भी आवाज बुलंद की। जिसके बाद पुरूषों की एक न चली, तथा प्रस्ताव को सभी वार्ड सदस्यों ने समर्थन दिया है।
इस पंचायत में कुल सात वार्ड हैं। जिसमें चार वार्डो में महिलाएं व तीन वार्डों में पुरूष सदस्य हैं। पंचायत में 1632 मतदाता हैं। आम सभा की बैठक में पंचायत प्रधान चमनठाकुर, उप प्रधान खजान सिंह, बीडीसी सदस्य सत्य प्रकाश, वार्ड पंच लेह कांता देवी, वार्ड पंच सुनाह राधा देवी, वार्ड पंच केउली पीतांबर, कर्म सिंह, देवेंद्र नाथ, महेश्वरी देवी, पवना देवी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
पुरूषों ने जताया विरोध, महिलाओं ने दिया जबाव
पंचायत की आम सभा की बैठक में पुरूषों ने महिला वार्ड सदस्य द्वारा रखे गए प्रस्ताव का विरोध किया। लेकिन, आम सभा की बैठक में पुरूषों के मुकाबले महिलाएं अधिक थी। पुरूषों के विरोध करने पर महिलाओं ने करार जबाव दिया। जिससे प्रस्ताव को समर्थन से पारित कर दिया गया।
कहीं देवता लगाते हैं जुर्माना तो कहीं देवता लेते हैं शराब की धार
जिले की सराज क्षेत्र की दुर्गम पंचायत का यह फैसला अपने आप में ऐतिहासिक है। जिले की चौहारघाटी में देव हुरंग नारायण सहित अन्य कई देवताओं की हार धूम्रपान वर्जित है।
इसके अलावा बदार घाटी के देव शुकदेव गांव में शराब पीकर दाखिल होने वाले पर जुर्माना ठोंकतें हैं। वहीं, सिराज घाटी के थरजूण पंचायत में माता लंबोदरी शराब की धार लेती है। ऐसे में दुर्गम क्षेत्र की पंचायत में इस तरह का फैसला सराहनीय है।
डीसी ने बताया सराहनीय कदम
संदीप कदम, डीसी मंडी
- फोटो : File Photo
चमल ठाकुर पंचायत प्रधान लंबाथाच ने कहा कि महिलाओं की पहल पर पंचायत की आम सभा की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया है। यदि शादी-ब्याह अथवा अन्य समारोह में सार्वजनिक रूप से शराब परोसी जाती है, तो पंचायत ऐसे करने पर जुर्माना ठोकेगी।
ऐसा करने वालों को पंचायत को जबाव देना होगा। संदीप कदम डीसी मंडी ने कहा कि यदि पंचायत ने इस तहर की पहल की है, तो यह सराहनीय है। इससे सभी पंचायतों को सीख लेनी चाहिए।