सिविल अस्पताल तीसा में कोविड केयर सेंटर में ड्यूटी देकर किराये के कमरे में लौटी स्टाफ नर्स ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस को मौके पर कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार स्टाफ नर्स प्रिया दुग्गल कोविड केयर सेंटर में ड्यूटी खत्म कर शनिवार शाम छह बजे अपने किराये के कमरे में पहुंची।
उन्होंने अपने स्टाफ को कमरे में ही खाना भेजने की बात कही। रात करीब 8:30 बजे एक रिश्तेदार ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। भीतर से आवाज नहीं आई तो उन्होंने पड़ोसियों को बुलाकर दरवाजा तोड़ दिया। भीतर प्रिया फंदे पर झूल रही थी। प्रिया दुग्गल पुत्री गुरुदेव दुग्गल परिवार में अकेली कमाने वाली थी। पुलिस टीम ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है, जिसके आधार पर ही अब मौत का राज खुलने के आसार हैं।
बीएमओ तीसा डॉ. ऋषि पुरी ने बताया कि स्टाफ नर्स की ड्यूटी कोविड केयर सेंटर में लगी थी। शनिवार को वह छुट्टी कर अपने किराये के कमरे में चली गई थीं। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने कहा कि पुलिस ने 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।