घायलों का हाल जानने पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
- फोटो : अमर उजाला
पंडोह-भेखली-कलहनी सड़क मार्ग पर बीते शनिवार को हुए सड़क हादसे में घायल एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। मंडी जोनल अस्पताल में उपचाराधीन कलहनी पंचायत के चौकीदार झाबे राम ने रविवार तड़के दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है, जबकि 10 घायलों का जोनल अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। तीन लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया था।
हादसा उस समय पेश आया था जब पहाड़ी गिरने से जीप मलबे की चपेट में आकर खाई में गिर गई थी। इस जीप में देवलओं समेत 15 लोग सवार थे। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। सभी शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। वहीं, घटना स्थल पर दूसरे दिन भी पहाड़ी से पत्थर गिरते रहे। गौर हो कि एमडीआर कलहनी-पंडोह सड़क को चौड़ा करने के लिए एक निजी कंपनी की मशीनें काम कर रही हैं।
इसी बीच शनिवार शाम करीब 7:00 बजे अचानक पहाड़ी टूटी और सड़क से गुजर रही जीप पर गिर गई। रविवार को सीएम जयराम ठाकुर ने प्रशासन और कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क को बहाल कर घटनास्थल पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये देने की घोषणा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को अपने बालीचौकी दौरे से पूर्व क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में घायलों का हाल जाना। मुख्यमंत्री ने सरकार की तरफ से हादसे के मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये देने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि जरूरत पड़ी तो घायलों को पीजीआई भेजने का भी प्रबंध किया जाएगा।