कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे तीन पर वैष्णो माता मंदिर के पास एक कार अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकरा गई। जिसमें एक युवक की मौत हो गई है जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल लाया गया, जहां पर दो का उपचार चल रहा है जबकि तीसरे को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। कार कुल्लू से मनाली की तरफ जा रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला बुधवार देर रात का है। जब कार में सवार होकर चार लोग मनाली की तरफ जा रहे थे। वैष्णो माता मंदिर के समीप चालक नियंत्रण खो बैठा और कार पैरापिट से टकरा गई, जिससे चारों जख्मी हो गए। श्याम लाल (34) पुत्र रेवत राम, गांव सौआणीआगे, डाकघर रायसन, तहसील व जिला कुल्लू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चालक सपन वैध (37) पुत्र राजेंद्र कुमार, निवासी बंगला स्ट्रीट मंडी, तहसील व जिला मंडी, संतोष कुमार (37) पुत्र टेक चंद निवासी गांव व डाकघर काइस, कुल्लू और संजू (31) पुत्र जगत राम, गांव व डाकघर काइस, जिला कुल्लू घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल लाया गया है।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि कार के पैरापिट से टकराने के चलते एक की मौत जबकि तीन घायल हुए हैं। एक घायल को डॉक्टरों ने कुल्लू अस्पताल से शिमला रेफर किया है। उन्होंने कहा कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।