कालका-शिमला हाईवे पर सनवारा के पास हुआ भूस्खलन।
- फोटो : संवाद
स्थान: कालका-शिमला हाईवे। समय- सुबह 10:00 बजे। परवाणू से तीन किलोमीटर के बाद दत्यार के समीप पहाड़ी से काफी मात्रा में मलबा गिरा हुआ है और वाहनों को दूसरी लेन में डायवर्ट किया गया है। सुबह 10:15 बजे। चक्की मोड में भी पहाड़ी से मलबा गिर रहा है। वहीं वाहन चालक यहां पर जान जोखिम में डालकर निकल रहे हैं। यहां पर ट्रैफिक डायवर्ट भी नहीं किया है। 10:25 बजे। जाबली में सड़क पर पत्थर बारिश के दौरान गिरे तो हैं लेकिन उन्हें हटा कर किनारे कर दिया गया है। 10:40 बजे। सनवारा में कसौली सड़क का मलबा गिरा हुआ है। इस कारण थोड़ा पैच बंद किया गया है। इसके पट्टामोड़ के पास पहाड़ी से बारिश में मलबा गिरा है। 10:55 बजे। कुमारहट्टी से बड़ोग बाइपास पर भी पहाड़ियों से पत्थर गिरे हुए हैं, लेकिन इन्हें सड़क किनारे किया हुआ है।
डंगे से भी निकल रहे पत्थर
फोरलेन निर्माण के दौरान जाबली में स्कूल की पहाड़ी पर जेसीबी का पीला पंजा चला था। जिसके बाद स्कूल भवन और मैदान में खतरा पैदा हो गया था। जिसे देखते हुए इस स्कूल भवन को अनसेफ घोषित कर दिया था और कक्षाएं दूसरी जगह चलाई जा रही थी। फोरलेन कंपनी ने इस पहाड़ी पर भूस्खलन न हो इसे लेकर डंगे के पहाड़ी कवर की थी। इसके बाद सेफ्टी को देखकर फिर कक्षाएं इस भवन में लगनी शुरू हुई थी। डंगे से पत्थर निकलना शुरू हो गए हैं।
दत्यार में ढहा डंगा
भूस्खलन के साथ ही हाईवे पांच पर दत्यार के समीप भूस्खलन के बाद अब सड़क के नीचे लगा डंगा ढह गया। इससे सड़क पर खतरा मंडराने लग गया। वहीं आगामी दिनों यदि मूसलाधार बारिश होती है तो सड़क भी ढह सकती है। हालांकि एहतियात के तौर पर पैच को बंद कर दिया है और संकेत बोर्ड भी लगा दिया है।